
New Delhi, 28 अगस्त . नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने यूजीसी-नेट जून 2026 की फाइनल उत्तर कुंजी जारी कर दी है. फाइनल उत्तर कुंजी जारी 84 विषयों के लिए जारी की गई है. अभ्यर्थी अब अपने विषय की अंतिम उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं.
एनटीए की वेबसाइट पर भी अंतिम उत्तर कुंजी जारी किए जाने की सूचना प्रदर्शित की गई है. अंतिम उत्तर कुंजी जारी होने के साथ ही अभ्यर्थी अपने द्वारा दिए गए उत्तरों का आधिकारिक उत्तरों से मिलान कर सकते हैं और परीक्षा में संभावित प्राप्तांक का पता लगा सकते हैं. यह उत्तर कुंजी उन अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्होंने यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा में हिस्सा लिया था.
अभ्यर्थियों को अंतिम उत्तर कुंजी देखने के लिए यूजीसी-नेट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. इसके बाद संबंधित अंतिम उत्तर कुंजी लिंक पर क्लिक करना होगा. मांगी गई जानकारी के जरिए प्रवेश करने के बाद अभ्यर्थी अपने विषय की अंतिम उत्तर कुंजी देख सकेंगे.
एनटीए ने जून 2026 की परीक्षा के लिए पहले 84 विषयों की अस्थायी उत्तर कुंजी जारी की थी. अभ्यर्थियों को निर्धारित अवधि में आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया था. अब प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी की गई है. यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा का आयोजन जून में किया गया था. हालांकि अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा को तकनीकी कारणों से दोबारा आयोजित किया जाना है, इसलिए इन विषयों की अंतिम उत्तर कुंजी अलग प्रक्रिया के बाद जारी होगी.
अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर ही अभ्यर्थियों के अंतिम अंकों का निर्धारण किया जाएगा. यूजीसी-नेट परीक्षा के जरिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर के लिए पात्रता तथा जूनियर रिसर्च फेलोशिप के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाता है. परीक्षा परिणाम में अंतिम उत्तर कुंजी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है.
अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे अपनी अंतिम उत्तर कुंजी डाउनलोड कर सुरक्षित रखें और परिणाम जारी होने के बाद अपने प्राप्तांकों का उससे मिलान करें. इसके साथ इन परीक्षाओं में शामिल उम्मीदवारों का इंतजार भी खत्म हो गया है.
–
जीसीबी/डीएससी