Skip to content
Saturday, 7 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

मोगा के बाजारों में दिवाली की रौनक: खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, महंगाई ने बिगाड़ा बजट

मोगा के बाजारों में दिवाली की रौनक: खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़, महंगाई ने बिगाड़ा बजट

मोगा, 7 नवंबर . दिवाली के त्योहार को लेकर मोगा के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है. त्योहार से पहले खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं. बाजारों में सजावट के सामान, उपहार और अन्य जरूरी चीजों की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बनी हुई है. दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही जारी है और लोग अपने परिवार के साथ दिवाली की तैयारियों में जुटे हैं. हालांकि, बाजारों में भीड़ और सामान की अच्छी वैरायटी होने के बावजूद बढ़ती महंगाई ने लोगों की खरीदारी पर असर डाला है. कई खरीदारों का कहना है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार सामान महंगा हो गया है, जिसके चलते उन्हें अपने बजट के अनुसार खरीदारी करनी पड़ रही है.

बाजार में खरीदारी करने पहुंचीं पलक ने बताया कि वह कई सामान खरीदने के लिए आई थीं. बाजार में वैरायटी काफी अच्छी है और कई तरह की आकर्षक चीजें उपलब्ध हैं, लेकिन महंगाई के कारण उन्हें अपनी खरीदारी कम करनी पड़ रही है. वह पहले चार चीजें खरीदने की सोचकर आई थीं, वहीं अब केवल दो चीजें ही खरीद रही हैं, क्योंकि सामान की कीमतें काफी बढ़ गई हैं.

दुकानदार रोहित ने बताया कि दिवाली के कारण सुबह से ही बाजार में रौनक बनी हुई है और ग्राहक लगातार खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं. हालांकि, उन्हें बाजार में उम्मीद के मुताबिक पूरी रौनक नजर नहीं आ रही है. उन्होंने कहा कि ग्राहक आ तो रहे हैं, लेकिन महंगाई का असर साफ दिखाई दे रहा है. पिछले साल के मुकाबले सामान की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. पहले जो ग्राहक चार-पांच आइटम खरीदते थे, वे अब केवल दो-तीन आइटम लेकर ही जा रहे हैं.

दिवाली की खरीदारी करने पहुंचीं प्रियंका ने बताया कि उन्होंने थोड़े पटाखे और काफी मिठाइयां खरीदी हैं. इस बार उनका परिवार ग्रीन दिवाली मनाने की तैयारी कर रहा है, क्योंकि पहले से ही प्रदूषण काफी ज्यादा है. महंगाई के कारण सामान खरीदते समय बजट का भी ध्यान रखना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि दिवाली से ठीक पहले बाजारों में काफी भीड़ है. ऐसे में लोगों को आपस में धैर्य बनाए रखना चाहिए और किसी तरह की लड़ाई या विवाद से बचना चाहिए. उन्होंने मिट्टी के दीये जलाने की अपील भी की.

वहीं, वेनिका गोयल ने कहा कि इस बार दिवाली धूमधाम से मनाई जा रही है और बाजारों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है. लोग अपने घरों और परिवार के लिए खरीदारी कर रहे हैं. उन्होंने सभी से सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की अपील की. साथ ही, उन्होंने कहा कि त्योहार के अवसर पर किसी को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए और जरूरतमंद लोगों की अधिक से अधिक मदद करनी चाहिए.

वेनिका ने महंगाई पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका असर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों सहित लगभग हर परिवार पर पड़ रहा है. जहां पहले लोग चार-पांच चीजें खरीदने की योजना बनाते थे, वहीं अब दो-तीन चीजों में ही गुजारा करना पड़ रहा है.

–

पीएसके

Share