मैनपुरी में तेज हुई मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया, वोटर्स के रजिस्ट्रेशन के लिए स्पेशल कैंप

मैनपुरी, 17 अक्टूबर . मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और वोटर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए मैनपुरी में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं. एसआईआर प्रक्रिया के बाद फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का पंजीकरण किया जा रहा है. बूथ लेवल ऑफिसर विजय कुमार ने बताया कि कैंप में खासतौर पर 18 से 22 साल तक के युवा मतदाता बनने के लिए पहुंच रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि जिनका अभी तक वोट नहीं बना है, वे कैंप में आकर आवेदन करें.
बूथ लेवल ऑफिसर विजय कुमार ने बताया कि कैंप सुबह 10 बजे से शुरू हुआ है और शाम 5 बजे तक चलेगा. जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे यहां आकर नया वोट बनवा सकते हैं. यदि किसी व्यक्ति को आज समय नहीं मिल पाता है, तो उसके लिए 24 अक्टूबर को दोबारा कैंप लगाया जाएगा. उन्होंने बताया कि कैंप में अब तक पांच से छह फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं. अधिकतर आवेदन नए मतदाताओं के हैं. इनमें 18, 19, 20 और 22 वर्ष की उम्र के लोग शामिल हैं, जो पहली बार मतदाता बनने के लिए आवेदन कर रहे हैं.
विजय कुमार ने बताया कि अब वोटर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान कर दी गई है. आवेदन करने के लिए आधार कार्ड और पते के प्रमाण के तौर पर एक अन्य पहचान पत्र लाना होगा. इसके बाद फॉर्म-6 भरकर नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन किया जा सकता है. कुछ लोग ऐसे भी कैंप में पहुंच रहे हैं, जिन्हें फॉर्म भरना नहीं आता. ऐसे आवेदकों की मदद बूथ लेवल ऑफिसर खुद करेंगे. जरूरत पड़ने पर आवेदकों से उनके मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क कर जरूरी जानकारी ली जा सकती है, ताकि फॉर्म भरने में परेशानी न हो.
विजय कुमार ने कहा कि पुराने मतदाताओं के रिकॉर्ड का भी लगातार सत्यापन किया जा रहा है. अब तक उनके स्तर पर ऐसी कोई स्थिति सामने नहीं आई है, जिसमें सत्यापन के दौरान हटाए गए किसी पुराने मतदाता का नाम दोबारा सामने आया हो. उन्होंने लोगों से अपील की कि जिनका वोट नहीं बना है, वे निर्धारित कैंप में पहुंचकर आवेदन करें. आज आवेदन करने का समय नहीं मिलने पर 24 अक्टूबर को लगने वाले अगले कैंप में भी पंजीकरण कराया जा सकता है.
–
पीएसके


