
डरबन, 25 सितंबर . दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला डरबन के किंग्समीड में खेला गया. दक्षिण अफ्रीका ने 67 रन से जीत हासिल कर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. दक्षिण अफ्रीका की जीत में ऑलराउंडर मार्को जानसेन की अहम भूमिका रही.
जानसेन ने बल्ले और गेंद के साथ-साथ अपनी बेहतरीन फील्डिंग से टीम की जीत सुनिश्चित की. उनके एक बेहतरीन कैच का वीडियो social media पर वायरल है.
बल्लेबाजी के दौरान जानसेन ने सातवें नंबर पर उतरकर 59 गेंदों पर 4 छक्कों और 7 चौकों की मदद से 75 रन की पारी खेली. गेंदबाजी में 7 ओवर में 64 रन देकर 1 विकेट लिया. यह विकेट ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड का था. इसके अलावा, फील्डिंग में सिर्फ जानसेन ही दिखे. जानसेन ने 4 कैच पकड़े. इसमें मैट रेनशॉ का कैच social media पर वायरल है.
ऑस्ट्रेलियाई पारी का 37वां ओवर लेकर दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी आए थे. ओवर की उनकी दूसरी गेंद को मैट रेनशॉ ने मिडविकेट और लॉन्ग-ऑन के बीच में मारा. गेंद हवा में थी. जानसेन ने अपनी विपरीत दिशा में दौड़ते हुए बेहतरीन डाइव लगाकर अपने दाएं हाथ से एक यादगार कैच पकड़ा. बता दें कि मार्को जानसेन बाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं, लेकिन उन्होंने अपनी विपरीत दिशा में डाइव लगाते हुए दाहिने हाथ से कैच पकड़ा. इस कैच का वीडियो social media पर वायरल हो रहा है.
मैच के बाद जानसेन ने कैच का जिक्र करते हुए कहा, “शुरुआत में मुझे लगा कि मैं कैच नहीं ले पाऊंगा. लेकिन बाद में मैंने निर्णय लिया कि मैं कैच के लिए जाऊंगा, ले पाता हूं या नहीं, यह अहम नहीं है. गेंद हवा में थी, इसलिए मुझे भरोसा था कि हाथ में आएगी. सौभाग्य से मैंने डाइव लगाई और गेंद दाहिने हाथ में आ गई. मैंने जिस हाथ से कैच लिया, वो मेरा परफेक्ट हाथ नहीं था, लेकिन गेंद मेरे हाथ में आ गई.”
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. मैथ्यू ब्रिट्जके के 112, मार्को जानसेन के 75 और कप्तान टेंबा बावुमा के 30 रनों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 8 विकेट पर 297 रन बनाए. 298 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी ऑस्ट्रेलिया 41.2 ओवर में 230 रन पर सिमट गई और 67 रन से हार गई. दक्षिण अफ्रीका के लिए सर्वाधिक 4 विकेट बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज ने लिए. मैथ्यू ब्रिट्जके प्लेयर ऑफ द मैच रहे.
–
पीएके