Skip to content
Tuesday, 10 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
पर्यावरण,विज्ञान/प्रौद्योगिकी,अंतरराष्ट्रीय

मानसून की पहचान के लिए आईआईटी ने खोजा नया तरीका, 84 साल के आंकड़ों का अध्ययन

मानसून की पहचान के लिए आईआईटी ने खोजा नया तरीका, 84 साल के आंकड़ों का अध्ययन

New Delhi, 10 नवंबर . आईआईटी मद्रास और गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने मानसून की पहचान के लिए एक नया तरीका खोजा है. इससे देश में किसानों को बुवाई और Government को जल प्रबंधन की योजना बनाने में आसानी हो सकती है.

शोधकर्ताओं के मुताबिक किसी जगह बारिश की पहली बूंदें गिरने का मतलब यह नहीं कि वहां मानसून पहुंच गया है. India में खेती का बड़ा हिस्सा मानसून पर निर्भर करता है. ऐसे में मानसून के पहुंचने के समय का सही अनुमान किसानों के लिए बेहद जरूरी है. यदि किसी इलाके में स्थानीय बारिश को ही मानसून की शुरुआत मान लिया जाए और किसान बुवाई कर दें, लेकिन उसके बाद बारिश का सिलसिला जारी न रहे, तो फसलों को नुकसान हो सकता है.

आईआईटी के अनुसार शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में 84 वर्षों के बारिश के आंकड़ों का विश्लेषण किया. इसके आधार पर पता चला कि औसतन पूर्वोत्तर India में बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत 15 मई के आसपास होती है, जबकि प्रायद्वीपीय India में यह समय लगभग 9 जून होता है. अध्ययन में यह भी सामने आया कि मानसून की शुरुआत के दौरान बारिश से बने सबसे बड़े समूह का आकार अचानक बढ़ता है. इसके बाद यह समूह लगातार भौगोलिक रूप से फैलता है और उत्तर की ओर बढ़ता जाता है.

यही प्रक्रिया मानसून के देशभर में आगे बढ़ने का संकेत देती है. इसकी मदद से यह पता लगाया जा सकेगा कि किसी स्थान पर मानसून की वास्तविक और बड़े स्तर पर शुरुआत कब हुई है. इस शोध की खास बात यह है कि इसमें केवल किसी एक जगह पर हुई बारिश को आधार नहीं बनाया गया है, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की शुरुआत के बीच बनने वाले आपसी संबंधों का अध्ययन किया गया है.

शोधकर्ताओं ने जलवायु नेटवर्क और जटिल तंत्रों के सिद्धांत का इस्तेमाल करते हुए यह समझने की कोशिश की कि अलग-अलग इलाकों में शुरू हुई बारिश कब एक बड़े और आपस में जुड़े मानसूनी तंत्र का हिस्सा बन जाती है. इससे स्थानीय स्तर पर कुछ समय के लिए हुई बारिश और लगातार सक्रिय होने वाले बड़े मानसून के बीच अंतर करना आसान हो सकता है. यह तरीका बुवाई का सही समय तय करने, जल संसाधनों व बाढ़ की तैयारी करने में मददगार साबित हो सकता है.

आईआईटी मद्रास के मुताबिक इस शोध के नतीजे अमेरिकन मेटियोरोलॉजिकल सोसाइटी की प्रतिष्ठित शोध पत्रिका ‘जर्नल ऑफ क्लाइमेट’ में प्रकाशित हुए हैं. इसके सह-लेखकों में योगेनराज पाटिल, गौरव चोपड़ा, श्रुति टंडन, प्रो. आर.आई. सुजीत और प्रो. बी.एन. गोस्वामी शामिल हैं. शोधकर्ताओं ने इसके लिए देश के अलग-अलग भौगोलिक स्थानों को एक नेटवर्क की तरह माना है. इसमें हर स्थान को एक केंद्र के रूप में देखा गया है. इन केंद्रों के बीच संबंध वहां होने वाली बारिश की शुरुआत के आधार पर तय किए गए हैं. इसके बाद वैज्ञानिकों ने यह देखा कि अलग-अलग जगहों पर बारिश शुरू होने से बनने वाले छोटे-छोटे समूह किस तरह एक-दूसरे से जुड़ते हैं और धीरे-धीरे एक बड़े समूह का रूप लेते हैं.

आईआईटी मद्रास के प्रो. आरआई सुजीत ने बताया कि किसी स्थान पर मानसून का पहुंचना वहां हुई पहली बारिश से तय नहीं होता. उनके अनुसार, जब किसी स्थान पर बारिश की शुरुआत देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश से जुड़े सबसे बड़े समूह का हिस्सा बन जाती है, तभी वहां बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत मानी जाएगी. इसका मतलब है कि उस स्थान पर होने वाली बारिश अब केवल स्थानीय मौसम की वजह से नहीं हो रही, बल्कि वह देश में सक्रिय बड़े मानसूनी तंत्र से जुड़ चुकी है.

शोधकर्ता इस बदलाव को जलवायु नेटवर्क में एक बड़े परिवर्तन के रूप में देखते हैं. प्रो. सुजीत ने बताया कि इस तरीके से मानसून की गलत शुरुआत का अनुमान लगाने से बचा जा सकता है. इससे किसानों को बुवाई के लिए बेहतर समय मिल सकता है. साथ ही नीति बनाने वालों को खाद्य सुरक्षा और जल संसाधनों के प्रबंधन की योजना तैयार करने में मदद मिलेगी.

पूर्वोत्तर से शुरू होकर प्रायद्वीपीय India तक कैसे बढ़ता है मानसून, शोधकर्ताओं ने इस तरीके को समझाने के लिए मानसून के शुरुआती दौर का उदाहरण दिया है. अप्रैल के महीने में पूर्वोत्तर India के अलग-अलग हिस्सों में बारिश शुरू होने से छोटे-छोटे समूह बनने लगते हैं. इनमें गरज-चमक के साथ होने वाली स्थानीय बारिश भी शामिल होती है. जैसे-जैसे मौसम आगे बढ़ता है, पूर्वोत्तर India में बारिश से बना समूह बड़ा होने लगता है. बाद में यह बंगाल की खाड़ी के क्षेत्र में बने एक अन्य समूह से जुड़ जाता है. इन समूहों के जुड़ने से सबसे बड़े समूह का आकार अचानक बढ़ता है.

शोधकर्ता इसी बदलाव को पूर्वोत्तर India में बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत मानते हैं. इसके बाद इसी तरह की प्रक्रिया प्रायद्वीपीय India में दिखाई देती है. केरल में स्थानीय बारिश के कारण एक छोटा समूह बनता है. जब यह समूह पूर्वोत्तर India से पश्चिम की ओर बढ़ रहे सबसे बड़े बारिश समूह से जुड़ जाता है, तब शोधकर्ता इसे प्रायद्वीपीय India में बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत मानते हैं.

इस तरह केरल में हुई किसी छिटपुट बारिश को मानसून की वास्तविक शुरुआत मानने की गलती से बचा जा सकता है. यानी नई तकनीक यह पहचानने में मदद करेगी कि बारिश केवल स्थानीय मौसम के कारण हो रही है या मानसून का बड़ा तंत्र उस इलाके तक पहुंच चुका है. शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि प्रायद्वीपीय India में बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत के बाद बारिश उत्तर की ओर बढ़ती है. इसका संबंध मानसून के भीतर होने वाले मौसमी उतार-चढ़ाव की पहली सक्रिय लहर से है, जिसे मानसून अंत मौसमी दोलन कहा जाता है.

यह बदलाव भी इस बात का संकेत देता है कि मानसून का बड़ा तंत्र स्थापित हो चुका है और यह केवल कुछ समय के लिए हुई स्थानीय बारिश नहीं है. शोधकर्ताओं ने अपनी इस नई तकनीक का इस्तेमाल वर्ष 2026 के मानसून पर भी किया.

–

जीसीबी/एएस

Share