महिला आरक्षण और परिसीमन के प्रस्ताव से लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850, यूपी विधानसभा में 650 सीटें करने की योजना

New Delhi, 27 नवंबर . महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों के तहत Lok Sabha और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 फीसदी तक वृद्धि करने की योजना है. प्रस्ताव के अनुसार, Lok Sabha की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक की जा सकती है. उत्तर प्रदेश विधानसभा की सीटों को भी मौजूदा 403 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है.
इन बदलावों के लिए 131वें संविधान संशोधन के तहत राज्यों के बीच सीटों के आवंटन में 1971 की जनगणना को आधार बनाने का प्रस्ताव है, जबकि 132वें संविधान संशोधन के तहत निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण यानी परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किए जाने की योजना है.
प्रस्ताव के तहत Lok Sabha और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी. इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा. महिला आरक्षण को 2026 की जनगणना से जोड़ने वाली व्यवस्था से अलग करने का प्रस्ताव भी सामने आया है.
महिलाओं के लिए आरक्षण की अवधि 15 साल निर्धारित करने का प्रस्ताव है, जिसे तीन चुनावी कार्यकालों के बराबर माना गया है. आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में समय-समय पर बदलाव यानी सीटों के रोटेशन की व्यवस्था भी प्रस्तावित है.
प्रस्तावों के अनुसार, संसद से मंजूरी मिलने के बाद नया परिसीमन आयोग गठित किया जाएगा, जो निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से निर्धारण करेगा. नए निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा 2029 के Lok Sabha चुनाव से पहले तैयार करने की योजना है.
इसके अलावा, सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण से जुड़े बदलावों को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी शामिल है. इस पूरी प्रक्रिया के लिए दो संविधान संशोधन विधेयक और एक केंद्रशासित प्रदेश संशोधन विधेयक लाए जाने की बात कही गई है.
–
डीएससी


