Skip to content
Tuesday, 10 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

भारत-म्यांमार का पहला संयुक्त सैन्य आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ संपन्न

भारत म्यांमार का पहला संयुक्त सैन्य आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ संपन्न

भारत-म्यांमार का पहला संयुक्त सैन्य आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ संपन्न

New Delhi, 9 नवंबर . भारत-म्यांमार की सेनाओं ने आपदा के समय एक-दूसरे की मदद करने और राहत अभियान चलाने की अपनी तैयारियों को परखा है. इसके लिए दोनों देशों के बीच पहला संयुक्त त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ आयोजित किया गया. चेन्नई में हुए इस दो दिवसीय अभ्यास का 9 नवंबर को समापन हो गया.

भारत-म्यांमार की सेनाओं ने यहां समुद्र, जमीन और आसमान में आपदा राहत अभियानों की अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन किया. दोनों देशों के बीच यह पहला संयुक्त त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ था. इसमें भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना के जवानों के साथ म्यांमार के रक्षा बलों के प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया.

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाना और संयुक्त राहत अभियान चलाने की क्षमता बढ़ाना था. इसके तहत दोनों देशों के सैन्य दलों ने एक-दूसरे की कार्यप्रणाली को समझा और आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभव साझा किए.

भारतीय नौसेना की बाढ़ राहत टीमों ने बाढ़ के दौरान इस्तेमाल होने वाले विशेष उपकरणों और अपनी बचाव क्षमताओं का प्रदर्शन किया. समुद्र में खोज एवं बचाव अभियान की तैयारियां भी दिखाई गईं. इसके लिए चेतक हेलीकॉप्टर और आईएनएस बिटरा ने मिलकर अभ्यास किया.

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय वायुसेना ने घायलों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की क्षमता का प्रदर्शन किया. इस दौरान म्यांमार के प्रतिनिधिमंडल के कमोडोर आंग निआंग विन सहित दो अधिकारियों ने भारतीय वायु सेना के एएलएच हेलीकॉप्टर में सवार होकर हवाई अभियान में हिस्सा लिया. इस अभ्यास से आपदा के समय संयुक्त रूप से योजना बनाने, राहत अभियान चलाने और आपसी समन्वय बेहतर करने में मदद मिलेगी.

पहले भारत-म्यांमार संयुक्त त्रि-सेवा अभ्यास का सफल आयोजन दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है. यह आपदा के समय मिलकर काम करने, समुद्री सहयोग बढ़ाने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के साझा संकल्प को भी दर्शाता है.

–

जीसीबी/एएसएच

Share