Skip to content
Sunday, 29 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राजनीति,व्यापार,राष्ट्रीय

भारतीय रेलवे सर्दियों के कोहरे के दौरान सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने की तैयारी में जुटा

भारतीय रेलवे सर्दियों के कोहरे के दौरान सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित करने की तैयारी में जुटा

New Delhi, 29 नवंबर . भारतीय रेलवे ने Sunday को एक उच्च-स्तरीय बैठक की. इसमें सर्दियों के महीनों में छाने वाले कोहरे के दौरान ट्रेनों का परिचालन सुरक्षित और सुचारू रूप से करने के लिए जोनल रेलवे और डिवीजनों की सुरक्षा तैयारियों और विभिन्न सुरक्षा उपायों पर चर्चा की गई.

बैठक में मुख्य रूप से इन बातों पर ध्यान दिया गया: कोहरे के मौसम में नियमित और प्रभावी ढंग से ट्रैक की निगरानी (पेट्रोलिंग) की जाए. इसके लिए पेट्रोलिंग करने वाले कर्मचारियों के पास सभी जरूरी सुरक्षा उपकरण होने चाहिए. साथ ही, कम दृश्यता (लो-विजिबिलिटी) की स्थिति में लोको पायलटों को ट्रेन सुरक्षित रूप से चलाने में मदद करने के लिए ‘फॉग सेफ्टी डिवाइस’ (कोहरे से बचाव के उपकरण) लगाए जाएं.

बैठक में यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि सिग्नल के पास चूने के निशान और ‘सिग्मा बोर्ड’ लगाए जाएं, ताकि वे साफ दिखाई दें. लेवल क्रॉसिंग गेटों पर चमकने वाली पट्टियां (ल्यूमिनस स्ट्रिप्स) लगाई जाएं, और ट्रेनों के आखिरी डिब्बों पर साफ दिखने वाले टेल लैंप और ‘एक्स’ के निशान हों.

इसके अलावा, रेलवे कर्मचारियों को कोहरे से जुड़ी सुरक्षा सावधानियों, उपकरणों के खराब होने की स्थिति में काम करने संबंधी निर्देशों और बदले हुए ‘ऑटोमैटिक सिग्नलिंग’ तरीकों के बारे में उचित प्रशिक्षण देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया.

ट्रेन परिचालन और सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लगे सभी रेलवे कर्मचारियों को और अधिक सतर्क रहने के लिए कहा गया. साथ ही, आग और धुएं का पता लगाने वाले सिस्टम (फायर एंड स्मोक डिटेक्शन सिस्टम) के कामकाज पर कड़ी नजर रखने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई.

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे नियमित रूप से रात के समय निरीक्षण (जिसमें फुटप्लेट निरीक्षण भी शामिल है) सुनिश्चित करें, ताकि परिचालन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया जा सके. साथ ही, रेलवे कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों के बारे में सलाह दी जाए. इसके अलावा, परिचालन में लचीलापन लाने और कोहरे के कारण होने वाली देरी को प्रबंधित करने के लिए ‘स्क्रैच रेक’ (अतिरिक्त रेक) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया.

जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों (जीएम) और मंडल रेल प्रबंधकों (डीआरएम) को निर्देश दिया गया कि वे इन उपायों के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करें और सभी स्तरों पर इनका सख्ती से पालन सुनिश्चित करें.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के निर्देश पर आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की.

बयान के अनुसार, इस चर्चा में बोर्ड के सदस्य, जोनल रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम), मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) और अन्य फील्ड अधिकारी शामिल हुए.

बयान में आगे कहा गया कि भारतीय रेलवे कोहरे के मौसम में परिचालन सुरक्षा को मजबूत करने और ट्रेनों का सुरक्षित, विश्वसनीय व कुशल संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठा रही है. इसमें कर्मचारियों की तैयारियों, दृश्यता बढ़ाने और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

–

एमएस/

Share