बिहार : मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में 35 से ज्यादा छात्र बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

Patna, 19 सितंबर . बिहार के मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में Friday देर शाम हड़कंप मच गया, जब 35 से ज्यादा छात्र बीमार पड़ गए. छात्रों में उल्टी, दस्त, बुखार और कमजोरी जैसे लक्षण देखे गए.

बीमार छात्रों को कॉलेज प्रशासन द्वारा मंगाई गई एंबुलेंस से सदर अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार और चिकित्सा के बाद अधिकांश छात्रों को छुट्टी देकर वापस हॉस्टल भेज दिया गया.

एक असिस्टेंट प्रोफेसर और कॉलेज के कुछ स्टाफ सदस्य भी बीमार बताए जा रहे हैं. फूड पॉइजनिंग को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि बीमारी की असली वजह की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

रिपोर्ट के अनुसार, Thursday को कॉलेज में विश्वकर्मा पूजा के लिए प्रसाद तैयार किया गया था. छात्रों, प्रोफेसरों और अन्य स्टाफ सदस्यों ने इस प्रसाद को खाया था.

बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों में Thursday को ही लक्षण दिखने लगे थे, लेकिन Friday देर शाम बड़ी संख्या में छात्रों ने उल्टी और दस्त की शिकायत की. कुछ ने बुखार और कमजोरी भी बताई.

एक ही समय पर हॉस्टल के कई छात्रों के बीमार होने की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और बीमार छात्रों को सदर अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया.

कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. शंभू शंकर कॉलेज स्टाफ के साथ स्थिति का जायजा लेने के लिए हॉस्टल पहुंचे. अस्पताल में डॉ. फैजुद्दीन ने छात्रों का इलाज किया. उन्होंने बताया कि तीन दर्जन से अधिक छात्रों को दस्त, बुखार और कमजोरी के लक्षणों के लिए चिकित्सा सहायता दी गई.

इलाज और प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और उन्हें वापस कॉलेज हॉस्टल भेज दिया गया.

कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. शंभू शंकर ने कहा कि यह कहना जल्दबाजी होगी कि बीमारी का कारण फूड पॉइजनिंग है.

उन्होंने कहा कि प्रसाद छात्रों के साथ-साथ प्रोफेसरों और स्टाफ सदस्यों ने भी खाया था और मामले की गहन जांच की जाएगी. बीमारी के कारण का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच की जाएगी. डॉ. शंभू शंकर ने कहा कि जांच के दौरान अगर कोई लापरवाही पाई जाती है तो उचित कार्रवाई की जाएगी.

वीकेयू/एएस

Leave a Comment