बचपन में सीता बनती थीं ‘मिर्जापुर’ की डिम्पी, हर्षिता गौर ने सुनाईं दिल्ली में दशहरा मनाने की यादें

Mumbai , 18 अक्टूबर . ‘मिर्जापुर’ में डिम्पी पंडित और ‘सड्डा हक’ में संयुक्ता के किरदार से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस हर्षिता गौर ने बचपन के दिनों में मनाए जाने वाले दशहरे के त्योहार को याद किया.
उन्होंने कहा कि बचपन में वह स्कूल और सोसायटी में होने वाले दशहरे के कार्यक्रमों में सीता का किरदार निभाया करती थीं. परिवार के साथ रावण दहन देखने जाना, बड़े-बड़े रावण के पुतले और त्योहार के दौरान पूरे शहर में नजर आने वाला उत्साह उनकी यादों का खास हिस्सा है.
हर्षिता ने कहा, ”दिल्ली में दशहरे की अपनी अलग रौनक होती है, खासकर जब आप इसे बचपन की यादों के साथ देखते हैं. मुझे याद है कि बड़े-बड़े रावण के पुतलों को लेकर कितना उत्साह रहता था और त्योहार के दौरान पूरा शहर किस तरह जश्न में डूब जाता था.”
एक्ट्रेस ने कहा, ”बचपन में मैं दशहरे पर स्कूल या हमारी सोसायटी के मैदान में होने वाले नाटकों में सीता का किरदार निभाया करती थी. वे यादें आज भी मेरे साथ हैं. परिवार के साथ बाहर जाना, जश्न का हिस्सा बनना और सबके साथ मिलकर त्योहार मनाना, इन सब चीजों ने दशहरे को मेरे लिए खास बनाया.”
अपने पुराने दिनों को याद करते हुए एक्ट्रेस ने कहा कि जिंदगी में आगे बढ़ने के बाद भी बचपन के ये पल हमेशा याद रहते हैं. कई बार साधारण-सी दिखने वाली यादें ही समय के साथ सबसे खास बन जाती हैं.
हर्षिता ने कहा, ”आज जब मैं पीछे मुड़कर देखती हूं, तो इन्हीं छोटे-छोटे पलों को सबसे ज्यादा संजोकर रखती हूं. बचपन की ये यादें उसके बीत जाने के लंबे समय बाद भी आपके साथ रहती हैं.”
वर्कफ्रंट की बात करें तो हर्षिता हाल ही में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में नजर आई थीं. गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी यह गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ‘मिर्जापुर’ की दुनिया पर आधारित है. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार और रवि किशन भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म वेब सीरीज के पहले सीजन की कहानी के दौरान की घटनाओं को दिखाती है.
ओटीटी पर हर्षिता क्राइम ड्रामा सीरीज ‘वेटिंग है’ में भी नजर आई थीं. समीर विद्वांस के निर्देशन में बनी इस सीरीज में दिव्येंदु, भुवन अरोड़ा, कुमुद मिश्रा और सुनीता राजवर भी शामिल हैं.
–
पीके/एएस


