Skip to content
Tuesday, 24 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
INDIA

थैंक्सगिविंग को भारतीय रंग में रंग रहे इंडियन-अमेरिकन, दावत में दिख रहा ‘सेवा’ भाव

थैंक्सगिविंग को भारतीय रंग में रंग रहे इंडियन अमेरिकन, दावत में दिख रहा ‘सेवा’ भाव

थैंक्सगिविंग को भारतीय रंग में रंग रहे इंडियन-अमेरिकन, दावत में दिख रहा ‘सेवा’ भाव

वाशिंगटन, 24 नवंबर . अमेरिका में थैंक्सगिविंग समारोह इस बार भी भारतीय स्वाद, पारिवारिक परंपराओं और सेवा भाव के अनूठे मेल के साथ मनाया जाएगा. कहीं टर्की (बर्ड) में तंदूरी मसालों का तड़का लगेगा तो कहीं मटर पनीर और क्रैनबेरी सॉस एक ही खाने की मेज पर नजर आएंगे.

वहीं, गुरुद्वारों और मंदिरों से जुड़े सामुदायिक आयोजन जरूरतमंदों के लिए भोजन तैयार कर इस त्योहार को सेवा और साझेदारी का अवसर बना रहे हैं.

अमेरिका में 26 नवंबर को थैंक्सगिविंग डे मनाया जाएगा. आमतौर पर इस दिन परिवार एक साथ जुटते हैं और पारंपरिक रूप से टर्की, सब्जियों तथा अन्य व्यंजनों के साथ भोजन करते हैं. लेकिन भारतीय मूल के अमेरिकी परिवारों ने समय के साथ इस परंपरा को अपने खानपान, सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक पसंद के मुताबिक नया रूप दिया है.

इसकी झलक मंदिरों में आयोजित होने वाले सामुदायिक भोज में भी दिखाई दे रही है. ह्यूस्टन स्थित इस्कॉन ने 26 नवंबर को अपने वार्षिक थैंक्सगिविंग भोज का आयोजन किया है, जिसमें सभी को आमंत्रित किया गया है. वहीं, न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन में इस्कॉन ऑफ न्यूयॉर्क सिटी इसी शाम गोविंदा रेस्तरां में विशेष रात्रिभोज आयोजित कर रहा है. इसके मेन्यू में क्विनोआ पुलाव, बेक्ड पनीर कबाब, वेजिटेबल क्विच और चीजकेक शामिल हैं. इस आयोजन से होने वाली आय पुस्तक वितरण अभियान में लगाई जाएगी.

न्यू जर्सी के जर्सी सिटी में भी ‘सेवा’ की परंपरा इस त्योहार का हिस्सा बन रही है. यहां 14 नवंबर को ‘लेट्स शेयर ए मील’ संस्था से जुड़े स्वयंसेवकों ने जरूरतमंदों के लिए भोजन तैयार किया. संस्था ने इसे अपने वार्षिक थैंक्सगिविंग और गुरु नानक देव जी सेवा अभियान के तौर पर आयोजित किया.

न्यू जर्सी की यह गैर-लाभकारी संस्था सिख परंपराओं के दो महत्वपूर्ण मूल्यों ‘सेवा’ और ‘लंगर’ से प्रेरणा लेती है. ‘सेवा’ यानी निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करना और ‘लंगर’ यानी ऐसा सामुदायिक रसोईघर, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी को भोजन कराया जाता है. संस्था के स्वयंसेवक भोजन तैयार करने से लेकर उसे जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं.

भारतीय परिवारों में थैंक्सगिविंग को अपने अंदाज में मनाने की शुरुआत कई बार टर्की जैसे बिल्कुल नए व्यंजन को पकाने के अनुभव से हुई.

पत्रकार लवीना मेलवानी की वेबसाइट पर 2016 में प्रकाशित एक लेख में शर्ली खेमलानी ने अमेरिका आने के बाद टर्की पकाने का अपना पहला अनुभव साझा किया था. वह 1979 में न्यूयॉर्क पहुंची थीं. उन्होंने बताया कि उन्होंने इससे पहले इतना बड़ा पक्षी कभी नहीं देखा था और उसका आकार देखकर वह घबरा गई थीं. बाद में उन्होंने पड़ोसियों से इसकी रेसिपी लेकर इसे पकाना सीखा.

इसी लेख में सुनीता अडवानी ने बताया था कि जब वह सात साल की थीं, तब उन्होंने अपने प्रवासी माता-पिता से थैंक्सगिविंग के बारे में पूछा. इसके बाद उनके पिता घर में टर्की और उसके साथ परोसे जाने वाले दूसरे व्यंजन लेकर आए. यहीं से परिवार में इस त्योहार को मनाने की परंपरा शुरू हुई.

समय के साथ इस परिवार ने थैंक्सगिविंग के खाने को भारतीय स्वाद के अनुरूप ढाल लिया. जब सुनीता ने खाना बनाना सीखा तो परिवार में दो तरह की टर्की तैयार होने लगीं. एक पारंपरिक अमेरिकी तरीके से और दूसरी तंदूरी मसालों में लपेटकर, जिसमें बिरयानी और उबले अंडों की स्टफिंग की जाती थी.

Gujaratी परिवारों में शाकाहारी और मांसाहारी पसंद के बीच तालमेल की मिसाल भी सामने आई. इसी रिपोर्ट में मीना पटेल ने बताया था कि वह परिवार के शाकाहारी सदस्यों के लिए तरह-तरह के व्यंजन तैयार करती थीं और अपनी ननद के मांसाहारी बच्चों के लिए टर्की लाने को कहती थीं. इस तरह एक ही मेज पर परिवार के अलग-अलग खानपान की पसंद के लिए जगह बन गई.

भारतीय स्वाद और अमेरिकी त्योहार के इस मेल को शेफ भी अपने प्रयोगों से आगे बढ़ा रहे हैं.

भारतीय मूल की शेफ मनीत चौहान ने 2019 में ‘द स्प्लेंडिड टेबल’ को दिए एक साक्षात्कार में अपने रेस्तरां के थैंक्सगिविंग मेन्यू के बारे में बताया था. उन्होंने अमेरिका में प्रचलित मांस के साथ तीन तरह के साइड डिश परोसने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ‘थैंक्सगिविंग मीट एंड नाइन’ का प्रयोग किया.

इस मेन्यू में टर्की टिक्का मसाला, पनीर का शाकाहारी विकल्प, सब्जियों से तैयार पुलाव-बिरयानी स्टफिंग, क्रैनबेरी फाइव स्पाइस चटनी और शकरकंद का रायता शामिल था.

मनीत चौहान ने अपने शुरुआती अमेरिकी दिनों का एक अनुभव भी साझा किया था. उन्होंने बताया कि अमेरिका में उनका पहला थैंक्सगिविंग तब खास बन गया, जब एक फैकल्टी सदस्य ने उन छात्रों को अपने परिवार के साथ भोजन पर आमंत्रित किया था, जो छुट्टियों में अपने घर नहीं जा सकते थे. इस अनुभव ने उनके लिए त्योहार के अर्थ को सिर्फ खाने-पीने से आगे बढ़ा दिया.

खाने की मेज पर भारतीय और अमेरिकी स्वाद के मेल की एक और दिलचस्प कहानी फूड राइटर प्रिया कृष्णा के परिवार से जुड़ी है.

2018 में ‘बॉन एपेटिट’ में प्रकाशित एक लेख में उन्होंने बताया था कि उनके परिवार के थैंक्सगिविंग भोज में मटर पनीर, स्क्वैश, छोले और पूरियां परोसी जाती थीं.

उनकी मां को क्रैनबेरी सॉस का स्वाद भारतीय चटनी जैसा लगा और धीरे-धीरे यह भी परिवार के त्योहार के खाने का स्थायी हिस्सा बन गया. प्रिया के मुताबिक, इसके लिए क्रैनबेरी सॉस में भारतीय मसाले मिलाने की जरूरत भी नहीं पड़ी.

थैंक्सगिविंग का इतिहास भी अपने भीतर कई अलग-अलग दृष्टिकोण समेटे हुए है. अमेरिका के पहले President जॉर्ज वाशिंगटन ने 1789 में 26 नवंबर को राष्ट्रीय धन्यवाद दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी.

इसके बाद 1863 में President अब्राहम लिंकन ने नवंबर के अंतिम Thursday को धन्यवाद दिवस मनाने की परंपरा शुरू की. दिसंबर 1941 में President फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट के हस्ताक्षर के बाद कांग्रेस ने नवंबर के चौथे Thursday को संघीय अवकाश के रूप में निर्धारित किया.

हालांकि, अमेरिका के मूल निवासियों के लिए यह दिन केवल उत्सव का अवसर नहीं है. उनके लिए यह जमीन से बेदखली, हिंसा और ऐतिहासिक अन्याय को याद करने का दिन भी है.

मैसाचुसेट्स के प्लायमाउथ में 1970 से मूल अमेरिकी समुदाय और अन्य लोग इस दिन को ‘नेशनल डे ऑफ मॉर्निंग’ के रूप में मनाते आ रहे हैं.

अमेरिका के मूल अमेरिकी समुदाय के इतिहास को सामने लाने वाले स्मिथसोनियन के नेशनल म्यूजियम ऑफ द अमेरिकन इंडियन ने भी थैंक्सगिविंग की प्रचलित कहानियों में वैम्पानोग समुदाय के नजरिये को शामिल करने पर जोर दिया है.

भारतीय अमेरिकी परिवारों के लिए थैंक्सगिविंग अब सिर्फ अमेरिकी परंपरा का हिस्सा बनने का अवसर नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारिवारिक विरासत को साथ लेकर चलने का मौका भी बन गया है.

–

केआर/

Share