Skip to content
Friday, 23 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
शिक्षा,राष्ट्रीय

डीसीआईएल भर्ती 2026: ट्रेनी मरीन इंजीनियर सहित 28 पदों पर निकली वैकेंसी, 6 नवंबर को इंटरव्यू

डीसीआईएल भर्ती 2026: ट्रेनी मरीन इंजीनियर सहित 28 पदों पर निकली वैकेंसी, 6 नवंबर को इंटरव्यू

अमरावती, 23 अक्टूबर . विशाखापत्तनम पोर्ट अथॉरिटी, जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी, पारादीप पोर्ट अथॉरिटी और दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी के कंसोर्टियम के अंतर्गत, ड्रेजिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीसीआईएल) ने ट्रेनी मरीन इंजीनियर सहित विभिन्न 28 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके वैकेंसी निकाली है.

डीसीआई की ओर से जारी 28 रिक्तियों में ट्रेनी मरीन इंजीनियर के 14, ट्रेनी इलेक्ट्रिकल ऑफिसर के 10 और एनसीवी ट्रेनी के 4 पद शामिल हैं.

इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद प्रशिक्षण अवधि के दौरान ट्रेनी मरीन इंजीनियरों को 25,000 रुपए प्रतिमाह का स्टाइपेंड और 600 रुपए प्रतिदिन का भोजन भत्ता दिया जाएगा. ट्रेनी इलेक्ट्रिकल ऑफिसर को 25,000 रुपए प्रति माह का स्टाइपेंड और 600 रुपए प्रतिदिन का भोजन भत्ता मिलेगा, जबकि एनसीवी ट्रेनी को 10,000 रुपए प्रति माह का स्टाइपेंड और 405 रुपए प्रतिदिन का भोजन भत्ता दिया जाएगा.

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से ट्रेनी मरीन इंजीनियर के लिए मरीन इंजीनियरिंग में चार वर्ष की डिग्री या चार वर्ष की इंजीनियरिंग डिग्री पूरी करने के बाद मरीन इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट की डिग्री होनी चाहिए.

ट्रेनी इलेक्ट्रिकल ऑफिसर के लिए इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन/कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग या इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग में चार वर्ष की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा, चार महीने का इलेक्ट्रो टेक्निकल ऑफिसर (ईटीओ) कोर्स पूरा किया होना चाहिए.

एनसीवी ट्रेनी के लिए कम से कम एसएससी/10वीं कक्षा पास होना चाहिए. इसके साथ ही ‘प्री-सी जीपी रेटिंग’ कोर्स पूरा किया होना चाहिए और डीजी शिपिंग द्वारा अनुमोदित ‘एग्जिट एग्जामिनेशन’ में कम से कम 60 प्रतिशत कुल अंकों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए.

एनसीवी ट्रेनी पद के लिए आवेदकों की अधिकतम आयु जहाज पर शामिल होने की तारीख को 25 वर्ष से कम होनी चाहिए. वहीं, अन्य दो पदों के लिए आयु सीमा की जानकारी प्रकाशित विज्ञापन में नहीं दी गई है.

वॉक-इन इंटरव्यू 6 नवंबर को सुबह 11 बजे से ‘ड्रेज हाउस, एचबी कॉलोनी, सीतामधारा, विशाखापत्तनम-530022, आंध्र प्रदेश’ पते पर आयोजित किए जाएंगे. ऐसे में जो अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें समय से केंद्र पर रिपोर्ट करने के अलावा, अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी ले जाने की सलाह दी जाती है.

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले डीसीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं.

कैंडिडेट्स ध्यान दें कि ऑनबोर्ड प्रशिक्षण की अवधि एनसीवीटी के लिए 18 महीने, ट्रेनी मरीन इंजीनियरों के लिए 6 महीने और ट्रेनी इलेक्ट्रिकल अधिकारियों के लिए 8 महीने होगी. कॉर्पोरेशन/डीजी शिपिंग की आवश्यकताओं के आधार पर इस प्रशिक्षण की अवधि को बढ़ाया या घटाया जा सकता है.

–

डीके/एएस

Share