जब हिराबाई बड़ोदेकर ने महिलाओं के लिए संगीत की दुनिया के नए रास्ते खोले, शास्त्रीय संगीत को जन-जन तक पहुंचाया

New Delhi, 19 नवंबर . 20 नवंबर… सिर्फ तारीख नहीं, बल्कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया की उस सुरीली आवाज को याद करने का दिन है, जिसने अपनी गायकी से लाखों लोगों का दिल जीता. हम बात कर रहे हैं मशहूर शास्त्रीय गायिका हिराबाई बड़ोदेकर की. उन्होंने ऐसे दौर में संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाई, जब महिलाओं के लिए सार्वजनिक मंच पर गाना इतना आसान नहीं था, लेकिन हिराबाई ने न सिर्फ इस सोच को चुनौती दी, बल्कि महिलाओं के लिए संगीत की दुनिया में नए रास्ते भी खोले. उन्हें India में टिकट वाले कॉन्सर्ट शुरू करने वाली पहली महिला कलाकार के रूप में भी याद किया जाता है.
हिराबाई बड़ोदेकर का जन्म 29 मई 1905 को Maharashtra के मिरज में हुआ था. उनका बचपन का नाम चंपाकली था. वह मशहूर किराना घराने के दिग्गज गायक उस्ताद अब्दुल करीम खां और ताराबाई माने की बेटी थीं. संगीत उन्हें विरासत में मिला था. उनके घर का माहौल संगीत से जुड़ा हुआ था और बचपन से ही उनकी रुचि गायकी में बढ़ने लगी थी. उन्होंने संगीत की शुरुआती शिक्षा अपने भाई सुरेशबाबू माने से ली. इसके बाद उन्होंने किराना घराने के उस्ताद अब्दुल वहीद खां से भी संगीत की बारीकियां सीखीं.
हिराबाई ने महज 15 साल की उम्र में अपनी पहली सार्वजनिक प्रस्तुति दी. उनकी आवाज में मिठास, सुरों पर पकड़ और गायकी में गहराई थी. धीरे-धीरे उनकी लोकप्रियता बढ़ने लगी. उन्होंने खयाल, ठुमरी, मराठी नाट्य संगीत और भजन जैसी अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाई. खास बात यह थी कि वह शास्त्रीय संगीत को केवल संगीत के जानकारों तक सीमित नहीं रखना चाहती थीं. उनकी कोशिश थी कि आम लोग भी इस संगीत को समझें और इससे जुड़ें. इसी सोच के साथ उन्होंने एक ऐसी पहल की, जिसने भारतीय संगीत जगत में नया इतिहास बनाया.
उस दौर में संगीत कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी सीमित थी, लेकिन हिराबाई ने टिकट लेकर संगीत कार्यक्रमों में शामिल होने की परंपरा शुरू की. वह India में टिकट वाले कॉन्सर्ट आयोजित करने वाली पहली महिला कलाकार बनीं. उनकी इस पहल ने महिला कलाकारों को अपनी कला के दम पर पहचान बनाने और मंच पर आत्मविश्वास के साथ उतरने का रास्ता दिखाया.
उनकी छोटी बहन सरस्वती राणे भी संगीत की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम बनीं. दोनों बहनें कई बार साथ में प्रस्तुति देती थीं. हिराबाई ने फिल्मों में भी काम किया. उन्होंने ‘सुवर्ण मंदिर’, ‘प्रतिभा’, ‘जनाबाई’ और ‘म्युनिसिपैलिटी’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया. इसके अलावा उन्होंने लड़कियों को संगीत सिखाने के लिए नूतन संगीत विद्यालय की स्थापना भी की.
संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें कई बड़े सम्मानों से नवाजा गया. साल 1965 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार मिला और 1970 में India Government ने पद्म भूषण से सम्मानित किया.
20 नवंबर 1989 को 84 वर्ष की उम्र में हिराबाई बड़ोदेकर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया, लेकिन उनकी आवाज, उनकी उपलब्धियां और महिलाओं के लिए खोले गए नए रास्ते की वजह से आज भी उन्हें याद किया जाता है.
–
पीआईएम/वीसी


