छठ पूजा पर मध्य रेलवे चला रहा 1,250 ट्रेनें, बड़े स्टेशनों पर 10 हजार यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया तैयार

Mumbai , 11 नवंबर . छठ पूजा पर यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए सेंट्रल रेलवे ने बड़े पैमाने पर तैयारियां की हैं. सीपीआरओ स्वप्निल नीला ने बताया कि सीएसएमटी, एलटीटी, पुणे, नागपुर और नासिक जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां हजारों यात्रियों के ठहरने, खाने-पीने और शौचालय की व्यवस्था है. साथ ही मध्य रेलवे की ओर से यूपी, बिहार और एमपी के लिए कुल करीब 1,250 ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनमें 600 से ज्यादा ट्रेनें सिर्फ यूपी-बिहार के लिए हैं. पूरे देश में इस बार करीब 18,000 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जो पिछले साल के 12,000 से काफी ज्यादा हैं.
सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल नीला ने कहा कि छठ पूजा के लिए जो यात्री अपने परिजनों के साथ त्योहार मनाने के लिए मुख्यतः उत्तर प्रदेश और बिहार जा रहे हैं, उनके लिए दो प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं. पहली व्यवस्था स्टेशनों पर की गई है और दूसरी ट्रेनों में की गई व्यवस्थाओं से संबंधित है. अगर हम स्टेशनों की बात करें, तो प्रमुख स्टेशनों जैसे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, पुणे, नागपुर और नासिक में होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं.
उन्होंने कहा कि यदि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की बात करें, तो प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 के बीच एक होल्डिंग एरिया बनाया गया है. इसी तरह प्लेटफॉर्म नंबर 14 और 15 के बीच भी एक होल्डिंग एरिया निर्मित किया गया है. इन सभी होल्डिंग एरिया में एक समय में लगभग 5,000 से अधिक यात्रियों को ठहराने की व्यवस्था की गई है. इसी प्रकार लोकमान्य तिलक टर्मिनस में प्रवेश द्वार के पास और फ्लाईओवर के नीचे दो अलग-अलग होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं. इन दोनों होल्डिंग एरिया के माध्यम से 10,000 से अधिक यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है. पुणे में भी प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास एक होल्डिंग एरिया बनाया गया है, जहां लगभग 2,000 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था रेलवे द्वारा की गई है.
उन्होंने कहा कि इन सभी होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए खान-पान और शौचालयों की अलग से व्यवस्था की गई है. यात्रियों को भीड़ में लगकर टिकट खरीदने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए मोबाइल यूटीएस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इसके अंतर्गत रेलवे द्वारा अधिकृत कर्मचारी यात्रियों तक पहुंचकर उन्हें आवश्यक टिकट उपलब्ध कराते हैं. जहां तक ट्रेनों का सवाल है, रेलवे ने ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई है. यदि उत्तर प्रदेश, बिहार और Madhya Pradesh के लिए जाने वाले यात्रियों की बात करें, तो मध्य रेलवे द्वारा कुल लगभग 1,250 ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनमें से लगभग 600 ट्रेनें उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए संचालित हैं. इनका उद्देश्य छठ पूजा के लिए जाने वाले यात्रियों और उनकी वापसी यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना है.
उन्होंने कहा कि पुणे से दानापुर के लिए एक नियमित और दो अतिरिक्त विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं. इसके साथ ही हम यूटीएस के माध्यम से खरीदे गए टिकटों की संख्या पर भी लगातार नजर रख रहे हैं. हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि यात्रियों को अधिकतम सुरक्षा और सुविधा मिले. हम यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि कृपया केवल अधिकृत माध्यमों से ही टिकट खरीदें. रेलवे के सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली और अधिकृत social media चैनलों के माध्यम से जारी की जा रही सूचनाओं का पालन करें, जिससे आपकी यात्रा सुरक्षित और सुगम बन सके.
उन्होंने कहा कि यदि पूरे भारतीय रेलवे की बात करें तो पिछले वर्ष लगभग 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं, जबकि इस वर्ष लगभग 18,000 विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं. पिछले वर्ष जो विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं, उनमें से कई को नियमित ट्रेनों में परिवर्तित कर दिया गया है. इस प्रकार कुल उपलब्ध ट्रेनों की संख्या, जिनसे यात्री अपने गांवों और दूरदराज क्षेत्रों तक यात्रा कर सकते हैं, 20,000 से अधिक होने की संभावना है.
–
केके/एबीएम


