चावड़ी बाजार इमारत हादसा: दो शव निकाले गए, सुबह तक चलेगा रेस्क्यू ऑपरेशन

New Delhi, 5 नवंबर . पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में चार मंजिला इमारत गिरने के बाद राहत और बचाव अभियान जारी है. हादसे के बाद घटनास्थल पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया, जिसके कारण बचाव दल को अंदर तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. चांदनी चौक के एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि अब तक दो शव निकाले जा चुके हैं और उन्हें अस्पताल भेज दिया गया है. कुछ लोगों के परिजनों से संपर्क नहीं हो पाने के कारण दो अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है.
एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि जिस प्लॉट पर इमारत बनी थी, उसका क्षेत्रफल करीब 60 गज था और उस पर चार मंजिला मकान बना हुआ था. इमारत गिरने के बाद पूरा मलबा जमा हो गया, जो बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर से ऊपर तक पहुंच गया. हादसे के बाद इमारत की कुछ मंजिलों की दीवारें हवा में अटक गई थीं. उनकी ऊंचाई और स्थिति ऐसी थी कि वहां क्रेन ले जाना भी संभव नहीं था. इसलिए उन दीवारों को हटाने के लिए अलग से इंतजाम करना पड़ा.
उन्होंने बताया कि आसपास की दीवारों पर फंसी ईंटें भी लगातार गिर रही थीं. यदि बचाव अभियान में लगे कर्मचारियों पर ये ईंटें गिरतीं तो उनकी जान को भी खतरा हो सकता था. इस वजह से पहले असुरक्षित दीवारों और ईंटों को हटाने में समय लगा. इसके बाद इमारत के कुछ कॉलम टेढ़े होकर लटक गए थे, जिससे बचाव दल के लिए अंदर जाने का रास्ता बाधित हो गया. टीम ने इन कॉलम को काटकर रास्ता बनाया. रास्ता साफ होने के बाद अब लैंटर के स्लैब को काटकर मलबे से अलग किया जा रहा है. यह काम काफी मेहनत वाला है और इसे सावधानी से करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बचाव अभियान में तेजी लाने के साथ-साथ वहां काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी जरूरी है.
एसडीएम ने यह भी बताया कि एनडीआरएफ की टीम ने मलबे का बड़ा हिस्सा हटाकर एक तरफ कर दिया है, हालांकि बेसमेंट में कुछ मलबा अभी भी फंसा हुआ है. इमारत के सामने स्थित एक मकान में 22 लोग फंसे हुए थे. टीम ने वहां तक पहुंचने का रास्ता साफ किया और सभी 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
मनोज कुमार ने बताया कि करंट स्क्वाड की ओर से पहले लोगों के फंसे होने की आशंका को खारिज किया गया था, लेकिन कुछ ऐसे लोगों की जानकारी सामने आई है जिनके परिजन घटनास्थल पर नहीं मिल रहे हैं और उनके फोन भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं. इसी आधार पर दो लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक बचाव अभियान पूरा नहीं हो जाता, तब तक ऑपरेशन जारी रहेगा.
हादसे को लेकर आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उन्होंने जिलाधिकारी से बात की है और उन्हें जानकारी मिली है कि दो लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है. तीन लोगों के परिवार के सदस्य घटनास्थल पर मौजूद हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि Government 12 घंटे बाद भी बचाव अभियान पूरा नहीं कर पाई है और इस मामले में बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं.
चावड़ी बाजार से आम आदमी पार्टी की पार्षद राफिया माही ने भी हादसे को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने एमसीडी क्षेत्र में कथित बिल्डर माफिया की गतिविधियों पर सवाल करते हुए कहा कि आखिर यह पूरा नेटवर्क कैसे काम कर रहा है. उन्होंने दावा किया कि इमारत के तीन फ्लोर पर निर्माण कार्य चल रहा था. उन्होंने हादसे में दो लोगों की मौत की बात भी कही.
–
पीएसके


