Skip to content
Saturday, 7 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

गंगनानी हादसे में दो महिलाएं अब भी लापता, भागीरथी में लगातार सर्च अभियान

गंगनानी हादसे में दो महिलाएं अब भी लापता, भागीरथी में लगातार सर्च अभियान

उत्तरकाशी, 7 नवंबर . गंगनानी में हुए दर्दनाक वाहन हादसे में लापता दो महिलाओं की तलाश के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार सर्च अभियान संचालित किया जा रहा है.

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में एनडीआरएफ, Police, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें भागीरथी नदी के विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर खोजबीन में जुटी हुई हैं. हादसे के बाद से अब तक लापता दोनों महिलाओं का कोई पता नहीं चल पाया है और न ही उनके शव बरामद हुए हैं.

बता दें कि 5 नवंबर 2026 को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबराणी की ओर एक इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में गिर गया था. वाहन में Gujarat निवासी छह यात्रियों और चालक सहित कुल सात लोग सवार थे. हादसे के बाद तत्काल Police, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया था.

इस दुर्घटना में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं. मृतकों में Gujarat निवासी अशोकबेन पटेल (49), रुतिका अशोकभाई पटेल (19), घनश्यामभाई सरवालिया (32), और वाहन चालक हरिद्वार निवासी सुरेंद्र सिंह शामिल हैं.

हादसे में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय वेदांत अशोकभाई पटेल को सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए भेजा गया था. वहीं, सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45) और किरणबेन विशालभाई पटेल (34) दुर्घटना के बाद से लापता हैं. इस प्रकार हादसे में चार मृतकों की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दो महिलाओं की तलाश जारी है.

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, एनडीआरएफ की टीम ने गंगनानी से भटवाड़ी तक भागीरथी नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया. इसके बाद भटवाड़ी से उत्तरकाशी की दिशा में खोजबीन की जा रही है. इसके अतिरिक्त गंगनानी से विशनपुर (मनेरी) तक भी लापता महिलाओं की तलाश की जा रही है. नदी के संवेदनशील स्थानों पर बचाव दल विशेष सतर्कता के साथ अभियान संचालित कर रहे हैं.

जिला प्रशासन द्वारा सर्च अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है. आपदा प्रबंधन अधिकारी लापता महिलाओं के परिजनों के संपर्क में हैं और उन्हें अभियान की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. प्रशासन विभिन्न विभागों के समन्वय से खोजबीन में जुटा हुआ है.

भागीरथी नदी के तेज बहाव और संवेदनशील स्थानों के कारण बचाव दलों के सामने चुनौती बनी हुई है. लगातार प्रयासों के बावजूद लापता दोनों महिलाओं का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खोजबीन का अभियान जारी रहेगा.

–

डीकेपी/

Share