
चेन्नई, 2 अक्टूबर . डायरेक्टर प्रवीण एस. विजय की कोर्टरूम ड्रामा फिल्म ‘सत्यवान सावित्री’ की नई रिलीज डेट सामने आ गई है. कीर्ति सुरेश और डायरेक्टर मिश्किन की लीड रोल वाली इस फिल्म को अब दुनियाभर के सिनेमाघरों में 20 नवंबर को रिलीज किया जाएगा. इसकी जानकारी फिल्म के मेकर्स ने Friday को social media के जरिए दी.
फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे बैनर ड्रमस्टिक्स प्रोडक्शंस ने social media प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ”अब और खामोशी नहीं. सावित्री की लड़ाई शुरू होती है.”
तमिल और तेलुगु में भी यही पोस्ट शेयर किया गया. मेकर्स ने बताया कि ‘सत्यवान सावित्री’ 20 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
बता दें कि फिल्म की रिलीज पहले 24 जुलाई को तय की गई थी, लेकिन बाद में मेकर्स ने रिलीज डेट टाल दी.
फिल्म के मेकर्स ने इसी साल मई में इसका फर्स्ट और सेकंड लुक भी जारी किया था. फर्स्ट लुक पोस्टर में कीर्ति सुरेश पीछे मुड़कर देखती नजर आती थीं, जबकि उनके आसपास कई वकील आगे की तरफ देख रहे हैं. इस पोस्टर को शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा था, ”शांत चेहरा, लेकिन रुकने वाली ताकत नहीं. अब खेल उसी का है.”
फिल्म की कहानी को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, ‘सत्यवान सावित्री’ दो वकीलों की कहानी है, जिनके किरदार कीर्ति सुरेश और डायरेक्टर मिश्किन निभा रहे हैं. मिश्किन फिल्म में कीर्ति के सीनियर एडवोकेट के रोल में नजर आएंगे.
फिल्म की कहानी में एक केस के दौरान दोनों के बीच टकराव देखने को मिलेगा. बताया जा रहा है कि जब कीर्ति के बॉस एक मामले में गलत काम करने वालों का साथ देने का फैसला करते हैं, तो वह उन्हें समझाने की कोशिश करती हैं. लेकिन इसी दौरान उन्हें अपने बॉस का एक अलग ही चेहरा देखने को मिलता है. यह केस कीर्ति की जिंदगी को पूरी तरह बदल देता है. इसके बाद वह इस मुश्किल हालात से कैसे निपटती हैं, यही फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है.
‘सत्यवान सावित्री’ में कीर्ति सुरेश और मिश्किन के अलावा हार्टबीट चारुकेश, बालासरवनन, मधुसूदनन, शिल्पा मंजूनाथ, आर. सुंदरराजन, माला पार्वती और ए. वेंकटेश जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
फिल्म को जी स्टूडियोज और ड्रमस्टिक्स प्रोडक्शंस ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. फिल्म की सिनेमैटोग्राफी अरुल विंसेंट ने संभाली है, जबकि म्यूजिक की जिम्मेदारी सैम सी.एस. ने निभाई है.
फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
–
पीके/एबीएम