काशी स्टेशन बनेगा ट्रांसपोर्ट हब, एक साथ 50 हजार यात्री कर सकेंगे इंतजार: अश्विनी वैष्णव

वाराणसी, 31 अक्टूबर . केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी-दिल्ली वंदे India स्लीपर ट्रेन की पहली यात्रा शुरू होने से पहले ट्रेन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने काशी रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का भी जायजा लिया और इसे शहर के बड़े ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की योजना की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि काशी स्टेशन पर विश्वस्तरीय सुविधाएं तैयार की जा रही हैं. यहां एक ऐसा विशाल वेटिंग एरिया बनाया जा रहा है, जिसमें एक समय में करीब 50 हजार यात्री बैठकर ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे.
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि काशी स्टेशन का निर्माण भव्य तरीके से किया जा रहा है. स्टेशन का नॉर्थ और साउथ एंड शहर के दोनों तरफ विकसित किया जा रहा है. इन दोनों हिस्सों को जोड़ने के लिए रेलवे लाइनों और प्लेटफॉर्म के ऊपर फुटबॉल मैदान के बराबर का विशाल कॉनकोर्स बनाया जा रहा है. इस कॉनकोर्स में एक समय में लगभग 50 हजार यात्रियों के इंतजार करने की व्यवस्था होगी.
रेल मंत्री ने बताया कि काशी स्टेशन पर छह प्लेटफॉर्म तैयार किए जा रहे हैं. स्टेशन के दोनों छोर को जोड़ने वाला कॉनकोर्स यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा. उन्होंने मौके पर मौजूद पिलर्स की ओर इशारा करते हुए बताया कि इन सभी पिलर्स के ऊपर पूरा कॉनकोर्स बनाया जाएगा. इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं मिल सकेंगी.
उन्होंने कहा कि काशी स्टेशन शहर के लिए एक महत्वपूर्ण और मेगा ट्रांसपोर्टेशन हब बनेगा. देश और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से काशी आने वाले यात्रियों को इस स्टेशन के विकसित होने से काफी सुविधा मिलेगी. स्टेशन का साउथ एंड काशी विश्वनाथ मंदिर से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है. ऐसे में मंदिर आने वाले यात्रियों के लिए भी यह स्टेशन उपयोगी साबित होगा.
वाराणसी और दिल्ली के बीच शुरू होने वाली वंदे India स्लीपर ट्रेन को लेकर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इसे खास तौर पर रातभर की यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. यात्री रात में बनारस से ट्रेन में सवार होकर सुबह जल्दी दिल्ली पहुंच सकेंगे. इसी तरह दिल्ली से रात में बैठकर सुबह काशी पहुंचने की सुविधा मिलेगी. वंदे India स्लीपर ट्रेन को बहुत मेहनत और विशेष ध्यान के साथ तैयार किया गया है. यह ट्रेन काशी और दिल्ली के बीच संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी. रातभर की यात्रा के लिए इस ट्रेन का डिजाइन तैयार किया गया है, ताकि यात्रियों को सुबह अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिल सके.
रेल मंत्री ने वंदे India स्लीपर ट्रेन को मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए परिवहन की एक नई सुविधा बताया. उन्होंने कहा कि बनारस से दिल्ली और दिल्ली से बनारस के बीच रात में सफर करके सुबह पहुंचने की व्यवस्था यात्रियों के लिए उपयोगी होगी. इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को नई सुविधा मिलेगी. काशी शहर में कई रेलवे स्टेशन हैं और उनका विकास चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है. काशी स्टेशन भी इसी विकास योजना का हिस्सा है. उन्होंने भरोसा जताया कि स्टेशन के तैयार होने के बाद यह शहर के परिवहन ढांचे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. विशाल कॉनकोर्स, छह प्लेटफॉर्म और यात्रियों के लिए व्यापक वेटिंग एरिया इसकी प्रमुख विशेषताएं होंगी.
रेल मंत्री ने कहा कि काशी स्टेशन को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि बड़ी संख्या में आने-जाने वाले यात्रियों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सके.
–
पीएसके


