Skip to content
Wednesday, 21 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
INDIA

कर्नाटक : चामराजनगर में झील के पास मिला जंगली हाथी का शव, जांच के लिए भेजे गए नमूने

कर्नाटक : चामराजनगर में झील के पास मिला जंगली हाथी का शव, जांच के लिए भेजे गए नमूने

चामराजनगर, 20 अक्टूबर . कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर वन प्रभाग में कराडिगुड्डा झील के पास एक जंगली हाथी मृत पाया गया. हाथी का शव सड़-गल चुका था. यह जगह उस इलाके के करीब है, जहां गोलीबारी की घटना की सूचना मिली थी. हाथी की मौत किन हालात में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, जंगल में नियमित गश्त के दौरान पेट्रोलिंग स्टाफ को यह शव मिला. हाथी का शव काफी सड़-गल चुका था, जिससे मौत के कारण का तुरंत पता लगाना मुश्किल हो गया.

वन विभाग ने शव से नमूने (सैंपल) लिए हैं और उन्हें जांच के लिए एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) भेज दिया है. जांच के नतीजे आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में अधिक जानकारी मिल सकेगी.

एक अन्य घटना में, चामराजनगर के गुंडलुपेट तालुक स्थित बांदीपुर वन क्षेत्र में एक मादा हाथी का शव मिला. यह शव बांदीपुर वन प्रभाग के बेरामबाडी बीट में मारिकट्टे झील के पास मिला. वन उप-संरक्षक (डिप्टी कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स) नंदीश और पशु चिकित्सा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव का निरीक्षण किया.

वन अधिकारियों को संदेह है कि मादा हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई होगी. संभवतः उम्र से जुड़ी बीमारियों के चलते उसकी मौत हुई. मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए आगे और जांच की जाएगी.

इस बीच, वन्यजीव प्रेमियों ने वन क्षेत्रों में गश्त और निगरानी में कथित कमियों को लेकर वन विभाग की आलोचना की है. उन्होंने हाथियों के शव मिलने पर चिंता जताई है और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कड़ी निगरानी और बेहतर निगरानी व्यवस्था की मांग की है.

अगस्त 2026 में वन विभाग के कर्मचारी रात में गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने छह संदिग्धों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा. इस पर संदिग्धों ने वन कर्मचारियों पर गोलीबारी कर दी थी. जवाबी गोलीबारी में तीन संदिग्ध शिकारी (एंथोनीस्वामी, पीटर और कुमार) मारे गए. इस घटना में वन विभाग का एक कर्मचारी घायल हो गया. इस घटना के बाद हनूर में स्थानीय स्तर पर विरोध-प्रदर्शन हुए और Police बल तैनात करना पड़ा.

वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (डब्ल्यूआईआई) के एक अध्ययन के अनुसार, कर्नाटक में पिछले तीन वर्षों के दौरान 280 से अधिक हाथियों की मौत हुई है, जहां 6,000 से अधिक हाथी रहते हैं और जो India में जंगली हाथियों की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य है. इसके अलावा, पिछले 25 वर्षों में मानव-हाथी संघर्ष (एचईसी) की घटनाओं में 216 हाथियों और 522 लोगों की जान गई है.

–

एएसएच/पीएम

Share