
नोएडा, 1 अक्टूबर . नोएडा के थाना फेस-1 Police ने विदेश भेजने और कनाडा का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं.
Police ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए सात मोबाइल फोन, एक थार कार और पांच ग्राहकों के पासपोर्ट बरामद किए हैं. Police की कार्रवाई मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर की गई.
Police के मुताबिक, 1 अक्टूबर 2026 को थाना फेस-1 Police टीम ने सेक्टर-2 स्थित सी-7 से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. इनकी पहचान राहुल कुमार चौहान (31), संदीप सिंह (44) और पूजा महाजन (43) के रूप में हुई है. Police के अनुसार, सी-7 ग्राउंड फ्लोर, सेक्टर-2, नोएडा में एजुकेशन कंसल्टेंसी कंपनी संचालित होती है, जो लोगों को विदेश भेजने का काम करती है.
जांच में सामने आया कि कंसल्टेंसी कंपनी के संपर्क में गूगल के माध्यम से अरमान और क्रिस्टन जेनिफर नाम के लोग आए थे. दोनों की ओर से कनाडा का वर्क वीजा दिलाने का ऑफर दिया गया. इसके बाद क्रिस्टन जेनिफर ने खुद को विदेशी महिला बताते हुए कंसल्टेंसी से संपर्क किया. कंसल्टेंसी की ओर से पांच ग्राहकों की जानकारी और उनके पासपोर्ट उपलब्ध कराए गए.
आरोप है कि वीजा प्रक्रिया के नाम पर प्रत्येक ग्राहक से 25 हजार रुपये पेपर वर्क, बायोमेट्रिक्स और मेडिकल कराने के नाम पर लिए गए. आरोपियों ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही उनका टेंपरेरी रेजिडेंस वीजा तैयार कराकर उन्हें विदेश भेज दिया जाएगा. इसके बाद वीजा की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर प्रत्येक ग्राहक से 12.50 लाख रुपये अतिरिक्त देने की मांग की गई.
Police की जांच में यह भी सामने आया कि क्रिस्टन जेनिफर का वास्तविक नाम पूजा महाजन है, जबकि अरमान की पहचान संदीप सिंह के रूप में हुई है.
Police के अनुसार, आरोपी संदीप सिंह उर्फ अरमान ‘ माई सेकंड लाइन ’ एप के जरिए कनाडा का वर्चुअल फोन नंबर प्रदर्शित करता था. इसके बाद वह नोएडा की कंसल्टेंसी कंपनियों से संपर्क कर खुद को कनाडा में रहने वाला व्यक्ति बताता था और वहीं से बातचीत करने का दावा करता था.
Police ने आरोपी के कब्जे से उस मोबाइल फोन को भी बरामद किया है, जिसमें उक्त एप्लीकेशन का इस्तेमाल किया जा रहा था. Police ने आरोपियों के खिलाफ थाना फेस-1 में मुकदमा दर्ज किया है. Police अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, विदेश भेजने के नाम पर की गई अन्य ठगी और आरोपियों के संपर्क में आए लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
Police ने घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ उनके पास से घटना में इस्तेमाल 7 मोबाइल फोन थार कार और ग्राहकों के 5 पासपोर्ट बरामद किए है. Police की कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों ने इससे पहले कितने लोगों को विदेश भेजने या वीजा दिलाने के नाम पर अपने जाल में फंसाया और उनसे कितनी रकम वसूली गई.
–
पीकेटी/एएसएच