Skip to content
Tuesday, 27 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
क्रिकेट,खेल

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम का शेड्यूल बेहतर बनाया जाए: एलिसा हीली

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम का शेड्यूल बेहतर बनाया जाए: एलिसा हीली

New Delhi, 27 अक्टूबर . ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम दुनिया की सफलतम टीमों में से एक है, लेकिन इस टीम को अपने ही देश में वो पहचान और सम्मान नहीं मिल रहा, जिस पहचान और सम्मान की यह टीम हकदार है. पूर्व कप्तान एलिसा हीली और पूर्व क्रिकेटर मेल जोन्स ने इसको लेकर चिंता जताई है.

दरअसल, पिछले Thursday को नॉर्थ सिडनी ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम का तीसरा वनडे मैच खेला जाना था. उसी दिन शाम 7 बजे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुरुष टीम का टेस्ट मैच भी था. दोनों मैचों का समय टकरा गया. सिडनी में बारिश के कारण महिला टीम का मैच सिर्फ 16 गेंदों के बाद ही रद्द करना पड़ा.

इस पर एलिसा हीली ने कहा, “वे शाम 7:15 बजे नॉर्थ सिडनी में खेल रहे हैं और 7 बजे टेस्ट शुरू होगा. हम अपनी ही टीम से टकरा रहे हैं, जो विदेश में खेल रही है. यह बहुत निराशाजनक है. हमारी लड़कियां इतना अच्छा खेल रही हैं, लेकिन अपने ही देश में उन्हें स्पॉटलाइट नहीं मिल रही.”

मेल जोन्स ने हीली की बात का समर्थन करते हुए कहा, “दुनिया की सबसे अच्छी स्पोर्ट्स टीम हमारे दरवाजे पर है, लेकिन हम उसे दिखा नहीं पा रहे. उनके शानदार प्रदर्शन और उनकी कहानियों को वो जगह नहीं मिल रही, जिसकी वो हकदार हैं. फैंस के लिए भी ऐसी गर्मी में आकर टीम को सपोर्ट करना मुश्किल हो जाता है.”

शेड्यूल की समस्या सिर्फ एक मैच की नहीं है. ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम अगले चार महीने तक अपने देश में कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेलेगी. अक्टूबर में बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज सिर्फ ब्रिस्बेन और सिडनी में ही होंगी.

हीली ने कहा, “आप तीन वनडे ब्रिस्बेन में और तीन टी20 सिडनी में खेल रहे हैं. पूरे ऑस्ट्रेलिया को उस टीम को देखने का मौका भी नहीं मिल रहा, जो अभी वर्ल्ड कप जीतकर आई है. यह सच में दुख की बात है.”

दरअसल, विमेंस प्रीमियर लीग, विमेंस बिग बैश लीग और आईसीसी की विमेंस चैंपियंस ट्रॉफी के 2027 तक टलने से कैलेंडर काफी व्यस्त हो गया है.

जोन्स ने इस विषय पर कहा, “शेड्यूल का असर नेशनल टीम पर नहीं पड़ना चाहिए. शेड्यूलिंग क्रिकेट में सबसे मुश्किल काम है, क्योंकि बहुत सारे मैच एक साथ हो रहे हैं. लेकिन आपको ऊपर से शुरुआत करनी होगी. आपकी दो प्रीमियर टीमें हैं – पुरुष और महिला. यह पक्का करना होगा कि ऐसे हालात दोबारा न बनें. पुरुषों का टेस्ट शेड्यूल भी काफी देर से फाइनल हुआ था, जिसकी भी आलोचना हुई.”

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख टॉड ग्रीनबर्ग ने वादा किया है कि भविष्य में शेड्यूलिंग को लेकर बेहतर तरीके अपनाए जाएंगे. इसमें पुरुषों के टेस्ट के बाद महिलाओं के टी20 मैच कराने या विमेंस बिग बैश लीग को पुरुषों के टूर्नामेंट के साथ जोड़ने जैसे विकल्प शामिल हैं.

–

पीएके

Share