Skip to content
Tuesday, 24 November 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
रक्षा,सुरक्षा,राष्ट्रीय

एयरो इंडिया 2027 : रक्षा अधिकारियों ने किया येलहंका वायुसेना स्टेशन का दौरा

एयरो इंडिया 2027 : रक्षा अधिकारियों ने किया येलहंका वायुसेना स्टेशन का दौरा

New Delhi, 24 नवंबर . एयरो इंडिया 2027 को लेकर रक्षा मंत्रालय लगातार तैयारियों में जुटा है. रक्षा मंत्रालय में उत्पादन सचिव संजीव कुमार ने इसी सिलसिले में Bengaluru स्थित वायुसेना स्टेशन येलहंका का दौरा किया. यहां उन्होंने एयरो इंडिया 2027 के आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने यातायात प्रबंधन, निर्माणाधीन बुनियादी ढांचे और आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की.

रक्षा मंत्रालय का जोर इस बात पर भी रहा कि एयरो इंडिया 2027 में देश-विदेश से आने वाले प्रतिभागियों और दर्शकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलें और पूरा आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो. दौरे के दौरान संजीव कुमार ने आयोजन स्थल के प्रमुख हिस्सों का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात अधिकारियों तथा कर्मचारियों से तैयारियों की जानकारी ली.

उन्होंने यातायात व्यवस्था से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करते हुए आयोजन के दौरान लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने पर ध्यान दिया. इसके साथ ही वायुसेना स्टेशन पर चल रहे बुनियादी ढांचे के कार्यों और आयोजन स्थल की समग्र तैयारियों का भी जायजा लिया.

इस निरीक्षण के दौरान हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रवि के., रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव (एयरोस्पेस एवं डीओएमडब्ल्यू) मनीषा चंद्रा, वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे. सभी ने आयोजन से जुड़े प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया. जमीनी स्तर पर तैयारियों में जुटी टीमों के साथ बातचीत भी की.

गौरतलब है कि एयरो इंडिया देश में विमानन और रक्षा क्षेत्र की क्षमताओं को प्रदर्शित करने वाला प्रमुख आयोजन है. ऐसे में इसके आयोजन स्थल पर बुनियादी सुविधाओं, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करना महत्वपूर्ण है. इस दौरे का उद्देश्य इन सभी पहलुओं की समीक्षा कर यह सुनिश्चित करना था कि एयरो इंडिया 2027 का आयोजन बेहतर प्रबंधन और विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं के साथ किया जा सके.

एशिया के सबसे बड़े हवाई शो ‘एयरो इंडिया’ के 16वें संस्करण का आयोजन 8 से 12 फरवरी 2027 तक येलहंका वायुसेना स्टेशन, में किया जाएगा. ‘एयरो इंडिया’ में दुनिया की प्रमुख विमानन एवं रक्षा प्रदर्शनियों में शामिल होंगी. इस पांच दिवसीय आयोजन में दुनिया भर की प्रमुख विमानन और रक्षा कंपनियां, नीति निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ, नवाचारकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि व रक्षा बलों के अधिकारी एक ही मंच पर जुटेंगे.

–

जीसीबी/एएस

Share