
गाजियाबाद, 29 सितंबर . नमो India में रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए यात्रा अब और आसान होने जा रही है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने एनसीएमसी कार्ड यूजर्स के लिए ‘ट्रिप पास’ की सुविधा शुरू की है. इस सुविधा के तहत नियमित यात्री अपनी जरूरत के अनुसार पहले से कई यात्राओं के लिए भुगतान कर सकते हैं. इससे उन्हें बार-बार टिकट खरीदने या एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट को रिचार्ज करने की जरूरत कम होगी. खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में इससे यात्रियों का समय बचने के साथ सफर भी अधिक सुगम होगा.
नमो India सेवा से वर्तमान में रोजाना करीब 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं. इनमें बड़ी संख्या ऐसे यात्रियों की है, जो नियमित रूप से एक ही स्टेशन से दूसरे निश्चित स्टेशन के बीच यात्रा करते हैं. ऐसे यात्रियों को ध्यान में रखते हुए ट्रिप पास की सुविधा शुरू की गई है. एनसीएमसी कार्ड पर ट्रिप पास लोड होने के बाद निर्धारित शुरुआती और गंतव्य स्टेशन के बीच यात्रा करने पर एक ट्रिप अपने आप पास से कट जाएगी. मसलन, सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच नियमित यात्रा करने वाला यात्री अपनी जरूरत के अनुसार पहले से कई ट्रिप खरीद सकता है. इस पास का एक दिन में कई बार इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन यात्रा उन्हीं निर्धारित स्टेशनों के बीच होनी चाहिए, जिनके लिए पास खरीदा गया है. सराय काले खां से मोदीपुरम तक स्टैंडर्ड कोच का किराया 210 रुपए और प्रीमियम कोच का किराया 250 रुपए है.
एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट में अधिकतम 2,000 रुपए तक रिचार्ज किया जा सकता है. ऐसे में इस रूट पर नियमित रूप से आने-जाने वाले यात्रियों को कुछ ही दिनों में दोबारा रिचार्ज की जरूरत पड़ सकती है. ट्रिप पास के माध्यम से यात्री कई यात्राओं का भुगतान पहले ही कर सकेंगे. इससे बार-बार वॉलेट रिचार्ज कराने की आवश्यकता कम होगी और यात्रा खर्च की पहले से योजना बनाना भी आसान होगा. हालांकि, ट्रिप पास केवल उन्हीं शुरुआती और गंतव्य स्टेशनों के बीच मान्य होगा, जिनके लिए इसे खरीदा गया है. यदि यात्री किसी दूसरे स्टेशन के बीच यात्रा करता है तो उस यात्रा का सामान्य किराया एनसीएमसी कार्ड के ग्लोबल वॉलेट से काटा जाएगा.
उदाहरण के तौर पर यदि किसी यात्री के पास सराय काले खां से बेगमपुल तक का ट्रिप पास है और वह शताब्दी नगर या उससे पहले के किसी स्टेशन तक ही यात्रा करता है तो इस यात्रा का किराया ग्लोबल वॉलेट से लिया जाएगा. इसी तरह बेगमपुल से आगे यात्रा करने पर अतिरिक्त किराया वॉलेट से काटा जाएगा. यदि वॉलेट में पर्याप्त राशि नहीं है तो स्टेशन से बाहर निकलने से पहले यात्री को कार्ड रिचार्ज करना होगा. एनसीआरटीसी ने यात्रियों की यात्रा आवृत्ति को देखते हुए अलग-अलग ट्रिप पास विकल्प उपलब्ध कराए हैं. स्टैंडर्ड और प्रीमियम दोनों श्रेणी के कोच के लिए एक से 40 ट्रिप तक के पास खरीदे जा सकते हैं.
एक ट्रिप का पास 15 दिन, दो ट्रिप का 30 दिन, पांच और 10 ट्रिप का पास 30 दिन, जबकि 15 और 20 ट्रिप वाले पास की वैधता 60 दिन है. 40 ट्रिप वाले पास की वैधता 90 दिन रखी गई है. 15, 20 और 40 ट्रिप वाले पास को निर्धारित प्रशासनिक शुल्क की कटौती के बाद रिफंड किया जा सकता है, जबकि एक, दो, पांच और 10 ट्रिप वाले पास नॉन-रिफंडेबल हैं. नमो India के यात्री प्रत्येक यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट का लाभ भी उठा सकते हैं.
इसके अलावा लॉयल्टी प्रोग्राम के तहत एनसीएमसी कार्ड से नमो India में यात्रा करने पर खर्च किए गए प्रत्येक एक रुपये पर एक लॉयल्टी पॉइंट मिलता है. एक लॉयल्टी पॉइंट का मूल्य 10 पैसे है. 300 लॉयल्टी पॉइंट जमा होने पर इन्हें एक मुफ्त यात्रा के लिए रिडीम किया जा सकता है. यात्री ट्रिप पास को ईएफओ या आमतौर पर एएफसी गेट के पास स्थित काउंटर से खरीद सकते हैं. आगे की यात्राओं के लिए पास का टॉप-अप ईएफओ के अलावा नमो India स्टेशनों पर उपलब्ध टिकट वेंडिंग मशीन (टीवीएम) के माध्यम से भी किया जा सकता है.
एनसीआरटीसी के मुताबिक, ट्रिप पास की सुविधा का उद्देश्य नियमित यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने और कार्ड रिचार्ज कराने की प्रक्रिया से राहत देना है. यह सुविधा स्कूल-कॉलेज के छात्रों, कामकाजी पेशेवरों, व्यापारियों और रोजाना निश्चित रूट पर यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी. एनसीआरटीसी का कहना है कि नमो India में यात्रा के अनुभव को अधिक सुविधाजनक, आरामदायक और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में ट्रिप पास एक और महत्वपूर्ण कदम है.
–
पीकेटी/डीकेपी