
मुरादाबाद, 8 अक्टूबर . उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में Wednesday देर रात रेलवे स्टेशन के सामने बने गेस्ट हाउस में भीषण आग लग गई. इस घटना में गेस्ट हाउस के नजदीक की दुकानें भी जल गईं. गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है. अधिकारियों ने कहा कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है.
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राजीव पांडे ने बताया कि मुरादाबाद के थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के सामने दो गेस्ट हाउस हैं, जिनके नीचे पीसीओ की दुकानें हैं. हमें रात करीब 12 बजे गेस्ट हाउस और नीचे मौजूद पीसीओ में आग लगने की सूचना मिली.
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां के साथ टीम मौके पर पहुंची. आग काफी भीषण थी, क्योंकि नीचे बनी पीसीओ की दुकानें प्लाईवुड और लकड़ी की थीं, इसलिए आग तेजी से फैल गई. इसके बाद हमने तीन और गाड़ियां मंगवाईं, जिससे कुल पांच गाड़ियां हो गईं और हमने मौके पर आग बुझाने का काम किया.
सीएफओ राजीव पांडे के अनुसार, गेस्ट हाउस के अंदर आग लगने से कोई क्षति नहीं हुई है. सिर्फ नीचे की लकड़ी की दुकानों में नुकसान हुआ है. दमकल विभाग की टीमों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. उन्होंने बताया कि यहां लगभग 50 दुकानें एक-दूसरे से सटी हुई थीं. दमकल विभाग की टीम ने उन सभी दुकानों को सुरक्षित बचाया है.
सीएफओ राजीव पांडे ने बताया कि आग लगने से सिर्फ दो दुकानों में नुकसान हुआ है. इस पूरी घटना में कोई जनहानि भी नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकता है, लेकिन हम इसकी जांच कर रहे हैं. जांच के बाद आग लगने के सही कारणों का पता चल पाएगा.
वहीं, एसपी सिटी कुमार रणवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि एक गेस्ट हाउस में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जो बाद में पास के एक अन्य गेस्ट हाउस तक फैल गई. उन्होंने कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है.
–
डीसीएच/