Skip to content
Sunday, 25 October 2026
Hindi Daily Kiran India, Rajasthan, business, sports, tech और अन्य श्रेणियों की ताज़ा हिन्दी ख़बरें।
BREAKING
राष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश: दिवाली तक सीट बंटवारे पर खुशखबरी मिलेगी, कांग्रेस के दावे पर बोले सपा सांसद रमाशंकर राजभर

उत्तर प्रदेश: दिवाली तक सीट बंटवारे पर खुशखबरी मिलेगी, कांग्रेस के दावे पर बोले सपा सांसद रमाशंकर राजभर

बलिया, 25 अक्टूबर . कांग्रेस के 200 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे को लेकर Samajwadi Party के सांसद रामा शंकर राजभर ने जायज ठहराते हुए कहा कि गठबंधन दल को दावा प्रस्तुत करने का अधिकार है. हर दल चाहता है कि उसे ज्यादा सीटें मिलें. सीट शेयरिंग को लेकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और उसके गठबंधन पर भी निशाना साधा.

कांग्रेस के 200 सीटों पर दावे को लेकर सपा सांसद रामा शंकर राजभर ने कहा, “गठबंधन दल को दावा प्रस्तुत करने का अधिकार है. हर दल चाहता है कि अधिक सीटें हमको मिलें लेकिन शुरू से ही हमारे बड़े नेताओं की यह राय है, चाहे वे कांग्रेस पार्टी के हों या Samajwadi Party के. उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को पीडीए के साथ हराना है. इसलिए सभी दलों का एक फॉर्मूला होना चाहिए और वह फॉर्मूला है जीत का फॉर्मूला. वह बन चुका है और मैं समझता हूं कि दिवाली तक यह खुशखबरी आप लोगों को मिल जाएगी.”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस 200 सीटें मांग रही है. मांगने में कोई ऐतराज नहीं है. उसका परीक्षण हो जाएगा कि उसमें से कितनी सीटें जीती जा सकती हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन दल कितना मांग रहे हैं, यह भी तो एक विषय है. भारतीय जनता पार्टी की जो तीन सीटें पाने वाली हैं, वे 33 मांग रही हैं. जो नौ सीट मांगने वाले हैं, वे 100 मांग रहे हैं. इसलिए मांगने की कोई बात नहीं है. भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए जीत ही मायने रखता है. बहुत जल्दी आप लोगों को यह मालूम हो जाएगा.

अखिलेश यादव के घर के बाहर लगे पोस्टर ‘ब्राह्मण शंख बजाएगा, केवट पार लगाएगा’ को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें बुराई क्या है? इसमें तो कोई बुराई नहीं है. आज संपूर्ण उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, भयंकर बेरोजगारी, शिक्षा की दशा, स्वास्थ्य विभाग की दशा, व्यापारियों की दशा, सभी लोगों ने देखी है. मैंने आपसे एक दिन पहले भी कहा था कि 2014 से 2022 तक आम जनता भारतीय जनता पार्टी के साथ थी, लेकिन अब खुद को छला हुआ महसूस कर रही है.

उन्होंने कहा कि 2024 में 50 प्रतिशत छला हुआ मतदाता Samajwadi Party के साथ आया. भारतीय जनता पार्टी के पास वही राशन, वही पैसा, वही संसाधन थे और हम लोगों ने भारतीय जनता पार्टी को यूपी में मात दी. ठीक उसी तरह 2027 में सबको साथ लेकर ‘ब्राह्मण शंख बजाएगा, ब्राह्मण नाव चलाएगा, केवट पार लगाएगा’. यह उन समुदायों का उद्गार है और यह सभी लोग मिलकर इस बार भारतीय जनता पार्टी से प्रदेश को निजात दिलाएंगे. 2027 में भारतीय जनता पार्टी सिमट जाएगी.

सपा सांसद ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार हटते नहीं हैं, तब तक इंडिया गठबंधन इन वोट चोरों के खिलाफ आंदोलन करता रहेगा. अभी दिवाली बीतने दीजिए और बड़ा आंदोलन होगा. आपको जानकर ताज्जुब होगा कि उत्तर प्रदेश में 87 हजार मतदाताओं का नाम विलोपित किया गया. जब Samajwadi Party ने कारण पूछा, तो कोई कारण नहीं बताया गया. न वे मरे हैं, न घर छोड़कर गए हैं और न कहीं और चले गए हैं, लेकिन 87 हजार मतदाताओं के नाम ऐसे ही काट दिए गए.

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की लूट करने वालों के खिलाफ अगर विपक्ष आंदोलन नहीं करेगा, तो ऐसे विपक्ष के रहने से कोई फायदा नहीं. जो लोकतंत्र न बचाए, उस विपक्ष की कोई अहमियत नहीं है. लोकतंत्र में विपक्ष की बहुत बड़ी भूमिका होती है. ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बहुत तेज आंदोलन होंगे.

सपा सांसद ने कहा कि जब तक प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदान सूची में शामिल नहीं किया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा. यदि निर्वाचन आयोग ऐसा नहीं करता और ऑनलाइन नाम हटाए जाते रहे, गांव के गांव लोगों के नाम भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काटे जाते रहे, तो इतिहास के पन्नों में ज्ञानेश कुमार का नाम काले अक्षरों में लिखा जाएगा. लोकतंत्र में मतदाताओं की आह उन्हें लगेगी और भारतीय जनता पार्टी भी उन्हें नहीं बचा पाएगी.

जामिया के बाद जेएनयू में दीवार पर लिखे गए आपत्तिजनक नारे पर उन्होंने कहा कि पूरे देश में सत्ता के खिलाफ भारी जनाक्रोश है. उस जनाक्रोश को डायवर्ट करने के लिए कहीं जहाज उड़ाए जा रहे हैं, तो कहीं अपने ही लोगों द्वारा ऐसे-ऐसे पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं. चाहे बलिया का पोस्टर हो, जेएनयू का पोस्टर हो या Lucknow का पोस्टर, यह सब केवल जनता के आक्रोश से ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग अपने संसाधनों और समर्थकों के जरिए यह सब करा रहे हैं. हमारे यहां बनारस में जहाज दिखाई जा रहे हैं. बनारस की जनता बहुत आक्रोश में है और उस आक्रोश से ध्यान भटकाने के लिए यह सब किया जा रहा है.

–

केके/वीसी

Share