उत्तराखंड चुनाव 2027 : देहरादून में भाजपा की 2022 में एकतरफा जीत, कांग्रेस को एक सीट पर मिली थी सफलता

New Delhi, 3 नवंबर . उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है. सभी Political दलों ने तैयारियां तेज करते हुए मतदाताओं को रिझाने के लिए कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं. ऐसे में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की 10 सीटों पर इस बार भी सभी दलों की नजर है. जिले में चकराता, विकासनगर, सहसपुर, धर्मपुर, रायपुर, राजपुर रोड, देहरादून कैंट, मसूरी, डोईवाला और ऋषिकेश विधानसभा सीटें हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में 10 में से 9 सीटें भाजपा ने जीती थीं.
2022 में रायपुर विधानसभा सीट पर दो बार से जीतते आ रहे उमेश शर्मा काऊ पर जनता ने तीसरी बार भी भरोसा जताया था. उमेश शर्मा काऊ को कुल 65,756 वोट मिले थे. वहीं, दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी हीरा सिंह बिष्ट को 35,704 वोट मिले थे. काऊ 30,052 वोटों से विजयी रहे. आम आदमी पार्टी के नवीन पिरशाली को 3,992 और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) उम्मीदवार अनिल डोभाल को 994 वोट मिले थे. इस सीट से कुल 16 उम्मीदवारों ने किस्मत आजमाई थी. इस विधानसभा क्षेत्र के 1,09,316 (61.36 फीसदी) मतदाताओं ने मतदान किया था.
देहरादून कैंट विधानसभा सीट से 2022 में 13 उम्मीदवार चुनाव लड़े थे. इस सीट पर भाजपा ने दिवंगत विधायक हरबंस कपूर की पत्नी सविता कपूर को टिकट दिया था. सविता कपूर ने 45,492 वोट हासिल कर विधायक बनी थीं. सविता को 20,938 मतों से जीत मिली थी. वहीं, कांग्रेस के टिकट पर दूसरी बार मैदान में उतरे सूर्यकांत धस्माना को 24,554 वोट और आप उम्मीदवार रविंद्र सिंह आनंद को 3,265 वोट मिले थे. इस विधानसभा क्षेत्र में 56.72 फीसदी मतदान हुआ था.
विकासनगर विधानसभा सीट से 2022 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मुन्ना सिंह चौहान ने दूसरी बार जीत हासिल की थी. मुन्ना सिंह चौहान को कुल 40,819 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार नवप्रभात 35,626 वोट हासिल करने में सफल रहे. मुन्ना सिंह चौहान की जीत का अंतर 5,193 वोट था. आप उम्मीदवार प्रवीण बंसल को 1,883, निर्दलीय गुरमेल सिंह राठौड़ को 1,336 और बसपा उम्मीदवार देशराज को 468 वोट मिले थे. इस विधानसभा क्षेत्र में 1,08,113 में से 81,580 मतदाताओं ने मतदान किया था.
पर्यटन स्थल मसूरी विधानसभा सीट से 2022 में भाजपा उम्मीदवार गणेश जोशी तीसरी बार विधायक चुने गए. जोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार गोदावरी थापली को 15,325 वोटों से हराया था. गणेश जोशी को कुल 44,847 वोट मिले और गोदावरी थापली को 29,522 वोट मिले थे. आप उम्मीदवार प्रेम किशन को 2,759 और बसपा उम्मीदवार अशोक पंवार को 466 वोट मिले थे. इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 59.66 फीसदी मतदान हुआ था.
2022 के विधानसभा चुनाव में धर्मपुर विधानसभा सीट भी भाजपा की झोली में गई थी. भाजपा उम्मीदवार विनोद चमोली लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए. विनोद चमोली को कुल 58,538 वोट मिले और कांग्रेस उम्मीदवार दिनेश अग्रवाल को 48,448 वोट मिले थे. विनोद चमोली ने 10,090 मतों से जीत हासिल की थी. इस सीट पर 57.73 फीसदी मतदान हुआ था.
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित राजपुर रोड सीट से 2022 में भाजपा ने सिटिंग विधायक खजान दास को टिकट दिया था, जबकि कांग्रेस ने राजकुमार पर फिर भरोसा जताया था. खजान दास ने यह मुकाबला आसानी से जीत लिया था, उन्हें कुल 37,027 वोट मिले और राजकुमार 25,864 वोट हासिल कर सके. इस तरह खजान दास ने 11,163 मतों से जीत हासिल कर ली.
डोईवाला सीट से 2022 में भाजपा ने बृजभूषण गैरोला पर भरोसा दिखाया था. कांग्रेस ने नए चेहरे गौरव ‘गिन्नी’ को मैदान में उतारा था. भाजपा के लिए यह दांव मुफीद साबित हुआ और बृजभूषण गैरोला को 29,021 वोटों के अंतर से एकतरफा जीत हासिल हुई थी. उन्हें कुल 64,946 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी गौरव 35,925 वोट ही हासिल कर पाए. इस विधानसभा क्षेत्र के 1,13,500 मतदाताओं ने मतदान किया था.
देहरादून जिले की चकराता विधानसभा सीट को 2022 में बचाने में कांग्रेस कामयाब रही. कांग्रेस प्रत्याशी प्रीतम सिंह चकराता सीट से निरंतर पांचवीं बार जीत हासिल करने में सफल रहे थे. वहीं, भाजपा ने रामशरण नौटियाल को मैदान में उतारा था. रामशरण कुल 27,417 वोट हासिल करने में सफल रहे, जबकि प्रीतम सिंह ने 36,853 वोट प्राप्त किए. उनकी जीत का अंतर 9,436 वोटों का रहा था. इस सीट पर 68.57 फीसदी मतदान हुआ था.
सहसपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार सहदेव सिंह पुंडीर 2022 में तीसरी बार जीत हासिल करने में सफल रहे थे. उन्हें कुल 64,008 वोट मिले थे. वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार आर्येंद्र शर्मा को 55,653 वोट मिले थे. भाजपा प्रत्याशी ने कुल 8,355 मतों से जीत हासिल की थी. आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार भरत सिंह को 2,235 वोट मिले थे. इस सीट पर 72.7 फीसदी मतदान हुआ था.
2022 के चुनाव में सिटिंग विधायक और विधानसभा अध्यक्ष रहे प्रेमचंद अग्रवाल ऋषिकेश सीट से लगातार चौथी बार जीत हासिल करने में सफल रहे थे. प्रेमचंद अग्रवाल को कुल 52,460 वोट मिले और कांग्रेस प्रत्याशी जयेंद्र रमोला को 33,403 वोट मिले थे. प्रेमचंद की जीत का अंतर 19,057 वोटों का था. उत्तराखंड जनएकता पार्टी उम्मीदवार कनक धनाई को 13,080 और आप उम्मीदवार राजे सिंह नेगी को 2,781 वोट मिले थे. इस सीट पर 62.9 फीसदी मतदान हुआ था.
–
ओपी/एबीएम


