अमृतसर में कांग्रेस की कलह सामने आई, महिला नेता ने जिलाध्यक्ष पर लगाया बदलसलूकी का आरोप

अमृतसर, 4 अक्टूबर . पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी और अंदरूनी कलह का एक और मामला सामने आया है. अमृतसर महिला कांग्रेस की पूर्व जिला प्रधान शिवानी शर्मा और वर्तमान में पीपीसीसी डेलीगेट शिवानी शर्मा ने कांग्रेस के जिला प्रधान सौरव मदान मिट्ठू पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिवानी शर्मा का आरोप है कि सौरभ मदान मिट्टू ने उनके घर में घुसकर उनके साथ बदसलूकी की, मारपीट की, गमले तोड़े और जान से मारने की धमकी दी. इस मामले को लेकर शिवानी शर्मा ने Police में शिकायत दर्ज कराई है.

शिवानी शर्मा ने से बात करते हुए कहा कि Sunday सुबह सौरभ मदान मिट्टू अचानक उनके घर आया. उनकी बेटी ने उन्हें बताया कि वह बाहर आया है. जब वह उसे कहने लगी कि अंदर आकर बैठ जाए तो उसने मना कर दिया. कुछ देर बाद जब उनके पति नीचे आए तो तेज आवाज में बहस होने लगी.

शिवानी शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा, “मुझे खुद समझ नहीं आ रहा था कि वह क्यों इस तरह से बोल रहा है. उसने गालियां निकालीं, मेरे चरित्र पर उंगली उठाई. हमें कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि वह ऐसा क्यों कर रहा है. उसने अंदर आकर मुझे धक्का मारा. गमले तोड़ दिए. कह रहा था कि मैं बंदे इकट्ठे कर लूंगा. उसका गनमैन भी साथ था और वह बहुत आक्रामक हो गया था.”

शिवानी शर्मा ने बताया कि सौरभ मदान मिट्टू के साथ उनका मनमुटाव कोई नया नहीं है. इसी द्वेष के चलते उन्होंने पहले महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था.

शिवानी ने कहा, “पहले हमारे बीच परिवार जैसा मजबूत रिश्ता था लेकिन अब मैं किसी के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहती. जब आप पीछे हटकर देखते हैं, तो कई बातें साफ हो जाती हैं. वह किसी की तरक्की बर्दाश्त नहीं कर पाते थे. जब वह खुद अध्यक्ष बने, तो उन्हें लगा कि हर किसी को उनके अंडर काम करना चाहिए. अगर वह अध्यक्ष थे, तो मैं भी अध्यक्ष थी और मेरी अपनी आजादी थी लेकिन वह यह बर्दाश्त नहीं कर पाए. इसीलिए मैंने इस्तीफा दे दिया.”

उन्होंने कहा, “गुटबाजी के चलते हम दोनों के बीच आपस में द्वेष है. पहले भी मैंने जो अपना इस्तीफा दिया था, वह इसी कारण दिया था. वह कहता था कि जहां मैं जाऊंगा, वहीं आप जाओगे, इसके अलावा आप कहीं नहीं जाओगे. जिन नेताओं से उसकी नहीं बनती और जो उसे नहीं बुलाते, वह कहता था कि आप भी वहां नहीं जाओगे.”

शिवानी ने कहा, “मुझे खुलकर काम करना पसंद है, मैं किसी दायरे में बंधकर काम नहीं कर सकती. वह बहुत प्रताड़ित करता था, इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया था.” उन्होंने कहा, “मुझे लगता है वह फ्रस्ट्रेट हो गया है, उसे समझ नहीं आ रहा क्योंकि जिसके सहारे वह चलता था, वह बदल गया है. उसे लगता है कि उसकी सियासत खतरे में है. उसके दिमाग पर चढ़ा हुआ है कि मैं बहुत कुछ हूं.”

शिवानी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने वीडियो बनाने की बात कही तो सौरभ मदान मिट्टू ने कहा कि Police उसकी जेब में है.

घटना के बाद शिवानी शर्मा ने Police थाने में शिकायत दर्ज करा दी है. साथ ही उन्होंने पार्टी के सीनियर नेताओं को भी इस घटना की जानकारी दी है. उन्होंने कहा कि अगर वह आज चुप रहीं तो कल वह किसी और महिला के हक के लिए आवाज नहीं उठा पाएंगी.

–

पीआईएम/पीएम

Leave a Comment