
मुजफ्फरपुर, 20 अप्रैल . बिहार के मुजफ्फरपुर जिला के मीनापुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में सड़क किनारे Police ने एक युवक का शव बरामद किया है. मृतक की पहचान मानिकपुर के विनोद सहनी के पुत्र राहुल कुमार (25) के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि मानिकपुर गांव के निवासी जागेश्वर सहनी की बेटी की शादी थी. बारात पियर थाना क्षेत्र के मनोज सहनी के घर से आई थी. गांव में उत्सव का माहौल था और सड़क पर म्यूजिक ट्रॉली बजाकर बाराती और लड़की पक्ष के लोग डांस कर रहे थे. इसी दौरान गांव का ही राहुल कुमार अपने ट्रैक्टर से लौट रहा था. सड़क पर म्यूजिक ट्रॉली की वजह से रास्ता बाधित था, जिसे लेकर राहुल ने वहां मौजूद लोगों से ट्रॉली साइड करने को कहा.
बताया गया कि इसी बात को लेकर राहुल और डीजे वालों तथा बारात में शामिल कुछ लोगों के बीच तीखी नोकझोंक और कहासुनी हुई. हालांकि, उस वक्त ट्रॉली हटा ली गई और राहुल ने अपना ट्रैक्टर आगे ले जाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया और विवाह समारोह को देखने लगा.
हालांकि जानकारी के मुताबिक इस विवाद को लेकर कुछ लोगों में काफी गुस्सा था. आरोप है कि वहां से कुछ लोग राहुल को पास ही सुनसान स्थान ले गए और उसकी हत्या कर दी. परिजनों ने बताया कि जब राहुल काफी देर तक घर नहीं पहुंचा, तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन रात भर उसका कहीं पता नहीं चला.
सुबह होते ही ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक सुनसान जगह पर राहुल का खून से लथपथ शव देखा. युवक के सिर से लेकर पैर तक गहरे जख्म के निशान थे, जिससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसकी पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. मौके पर Police पहुंचकर जांच में जुटी है. घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई. हत्या का आरोप डीजे वालों पर लगाया जा रहा है.
–
एमएनपी/एएस