
Mumbai , 16 मई . सीनियर एक्ट्रेस हेलन अपने शानदार डांस, अलग अंदाज और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए जानी जाती है. आज भी उनके गाने लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं. इस कड़ी में रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ के आने वाले एपिसोड में उनके इसी सुनहरे सफर को खास अंदाज में याद किया जाएगा. शो में हेलन के अलावा, एक्टर-सिंगर आयुष्मान खुराना भी नजर आएंगे.
शो के दौरान आयुष्मान खुराना ने हेलन की तारीफ करते हुए कहा, ”मुझे पता नहीं था कि मैं इस एपिसोड में आने वाला हूं. जैसे ही मैंने हेलन को देखा, मैं काफी भावुक हो गया. मैं बचपन से ही हेलन का बहुत बड़ा फैन रहा हूं. उन्होंने Bollywood में एक नया ट्रेंड सेट किया था.”
Actor ने कहा, ”जिस समय फिल्मों में कैबरे डांस को सिर्फ मनोरंजन के तौर पर देखा जाता था, उस समय हेलन ने इसे एक आर्टिस्ट का दर्जा दिलाया. आज जिन गानों को लोग आइटम सॉन्ग कहते हैं, उन्हें हेलन ने अपनी कला और अदाओं से एक अलग ऊंचाई दी थी.”
आयुष्मान ने आगे सिंगर आशा भोसले का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, ”आशा भोसले ने उनके लिए जितने खूबसूरत गाने गाए, उन्हें हेलन ने उसी खूबसूरती और एनर्जी के साथ पर्दे पर पेश किया. दोनों की जोड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे यादगार जोड़ियों में से एक रही है.”
उन्होंने कहा कि हेलन जिस अंदाज से गानों पर परफॉर्म करती थीं, वह सचमुच शानदार था और आज भी लोग उन गानों को उतना ही पसंद करते हैं.
इस दौरान आयुष्मान ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बात भी साझा की. उन्होंने कहा, “मेरी मां बर्मा से हैं और हेलन भी वहीं से ताल्लुक रखती हैं. इसी वजह से मेरे घर में हमेशा हेलन का नाम बड़े गर्व के साथ लिया जाता है. बचपन से मैं अपनी मां से हेलन के बारे में सुनता आया हूं, और आज उनके सामने खड़ा होना मेरे लिए बेहद खास पल है.”
आयुष्मान ने आगे कहा, ”मेरी मां ने बचपन में मुझे बर्मी भाषा की एक छोटी कविता भी सिखाई थी. मैं हमेशा सोचता था कि अगर कभी हेलन से मिलने का मौका मिला, तो यह कविता जरूर सुनाऊंगा.”
शो में मिले प्यार के लिए हेलन ने सभी का धन्यवाद किया. इस दौरान उन्होंने खासतौर पर आशा भोसले को याद किया. हेलन ने कहा, “मैं आशा जी को दिल से धन्यवाद देना चाहती हूं, क्योंकि उनकी आवाज ने मेरे गानों को हमेशा खास बनाया. अगर आशा भोसले ही आवाज न होती, तो मेरे गाने इतने यादगार नहीं बन पाते.”
–
पीके/एएस