महिला टी20: वोल्वार्ड्ट-लुस के बीच शतकीय साझेदारी, भारत के खिलाफ साउथ अफ्रीका ने बनाई 2-0 से लीड

डरबन, 19 अप्रैल . साउथ अफ्रीका ने Sunday को किंग्समीड में खेले गए दूसरे टी20 मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया. इसी के साथ मेजबान टीम ने 5 मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है. सीरीज के शेष मुकाबले 22, 25 और 27 अप्रैल को आयोजित होंगे.

टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम पारी की अंतिम गेंद पर 147 के स्कोर पर सिमट गई. इस टीम के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने 2.2 ओवर में 22 रन जुटाए.

मंधाना 7 गेंदों में 12 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद शेफाली ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ दूसरे विकेट के लिए 24 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की.

भारतीय टीम ने 46 के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया. रोड्रिगेज महज 2 रन बनाकर आउट हुईं. यहां से शेफाली ने अनुष्का शर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 46 गेंदों में 53 रन जुटाकर टीम को शतक के करीब पहुंचाया.

अनुष्का 31 गेंदों में 3 चौकों के साथ 28 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद विकेटों का पतझड़ लग गया. इस बीच शेफाली ने 38 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 57 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. विपक्षी खेमे से तुमी सेखुखुने और क्लो ट्रायोन ने 3-3 विकेट निकाले. नादिन डी क्लार्क और नॉनकुलुलेको म्लाबा ने 1-1 विकेट हासिल किया.

इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने महज 17.1 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. लौरा वोल्वार्ड्ट और सुने लुस की सलामी जोड़ी ने 12 ओवरों में 106 रन जुटाए. वोल्वार्ड्ट 34 गेंदों में 1 छक्के और 7 चौकों के साथ 54 रन बनाकर आउट हुईं.

यहां से सुने लुस ने ताजमिन ब्रित्स के साथ दूसरे विकेट के लिए 18 रन जुटाए. लुस ने 46 गेंदों में 1 छक्के और 6 चौकों के साथ 57 रन की पारी खेली. टीम ने 124 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे. यहां से ताजमिन ने एनेरी डर्कसेन के साथ 12 गेंदों में 24 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 2.5 ओवर शेष रहते जीत दिलाई.

आरएसजी

Leave a Comment