टेरिटोरियल आर्मी में 69 सिपाही पदों पर निकली वैकेंसी, 3 से 8 अगस्त तक चलेगी भर्ती रैली

New Delhi, 27 जून . भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने के इच्छुक लोगों के लिए एक शानदार अवसर आया है. दरअसल, 130 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) सिपाही के विभिन्न 69 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए इकोलॉजिकल, कुमाऊं, पिथौरागढ़ में 3 से 8 अगस्त तक भर्ती रैली आयोजित करेगी. इसमें सशस्त्र बलों के पूर्व सैनिक, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफ एंड सीसी) तथा राज्य वन विभाग की महिला पूर्व कर्मचारी, जिन्होंने एमओईएफ एंड सीसी और राज्य वन विभाग में कम से कम 20 वर्ष की सेवा की है, शामिल हो सकते हैं.

टेरिटोरियल आर्मी ने सिपाही के जिन 69 पदों पर पात्र और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं, उनमें सिपाही (जनरल ड्यूटी) के 49, सिपाही (शेफ कम्युनिटी) के 4, सिपाही (धोबी) के 2, सिपाही (दर्जी) के 2, सिपाही (इक्विपमेंट रिपेयरर) के 2, सिपाही (नाई) के 3, सिपाही (लोहार) का 1, सिपाही (क्लर्क) का 1, सिपाही (बढ़ई) के 3 और सिपाही (हाउस कीपर) के 2 पद शामिल हैं.

टेरिटोरियल आर्मी की ओर से जारी रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे 130 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती अभियान शुरू होने से पहले तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं. हालांकि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फेल होने पर उम्मीदवारों के पास केंद्र पर सीधे रिपोर्ट करने का भी विकल्प है.

इन सभी पदों के लिए 3 अगस्त को ‘देवकटिया मैदान, पिथौरागढ, उत्तराखंड’ में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, 4 अगस्त को शारीरिक परीक्षण और 5 से 8 अगस्त को चुने गए उम्मीदवारों के मेडिकल टेस्ट आयोजित किए जाएंगे. ऐसे में जो उम्मीदवार 3 से 8 अगस्त तक आयोजित होने वाली भर्ती रैली में शामिल होने वाले हैं, उनके लिए निर्धारित केंद्र पर रिपोर्ट करने का समय सुबह 6 बजे तय किया गया है. इसलिए अभ्यर्थियों को पते पर समय से पहुंचने के अलावा अपने साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और उनके फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है.

भर्ती रैली में एमओईएफ एंड सीसी और राज्य वन विभाग के पूर्व कर्मचारी (जिनमें समय से पहले रिटायर होने वाले भी शामिल हैं) और पूर्व महिला कर्मचारी, जो India के निवासी हैं और पेंशन पाते हैं, शामिल हो सकते हैं. हालांकि, उन्होंने एमओईएफ एंड सीसी और राज्य वन विभाग में कम से कम 20 वर्ष की सेवा की होनी चाहिए.

ध्यान दें कि भर्ती रैली में शामिल होने वाले उम्मीदवार का किसी भी सिविल या Police मामले में शामिल नहीं होना चाहिए. इसी के साथ कैंडिडेट्स भर्ती, योग्यता, चयन प्रक्रिया, आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए 130 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर संबंधित पोस्ट के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक कर सकते हैं.

डीके/वीसी

Leave a Comment