यूपीसीए का ‘स्पीड हंट’ युवा तेज गेंदबाजों की तलाश के लिए बेहतरीन पहल: भुवनेश्वर कुमार

Lucknow, 28 जुलाई . भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज और आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स Bengaluru (आरसीबी) के लिए खेलने वाले भुवनेश्वर कुमार उत्तर प्रदेश टी20 लीग में Lucknow फाल्कन्स के लिए खेलते हैं. भुवनेश्वर कुमार ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के तेज गेंदबाजों की तलाश के लिए शुरू किए गए ‘स्पीड हंट’ पहल की तारीफ की है.

भुवनेश्वर कुमार ने कहा है कि ‘स्पीड हंट’ तेज गेंदबाजी प्रतिभाओं को खोजने के लिए एक जरूरी प्लेटफॉर्म बन गया है.

उन्होंने कहा, “यूपीटी20 लीग पिछले तीन सीजन में बहुत सफल रही है. मुझे यकीन है कि यह और भी बेहतर होगी. सबसे बड़ी सकारात्मक बातों में से एक यूपीसीए स्पीड हंट रही है. इससे उत्तर प्रदेश की युवा तेज गेंदबाजी प्रतिभा सामने आई है. शुभम गौतम जैसे खिलाड़ियों को बड़े अनुंबध मिलते देखना गर्व का पल है. यह दिखाता है कि अगर आप प्रदर्शन करते हैं, तो मौके मिलेंगे.”

भुवनेश्वर ने कहा, “खिलाड़ियों से मेरी बस यही उम्मीद है, हर मौके का पूरा फायदा उठाएं और अपना श्रेष्ठ दें. यूपीसीए सही प्लेटफॉर्म देने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहा है. एक बार जब खिलाड़ी मैदान पर उतरते हैं, तो प्रदर्शन करना उन पर निर्भर करता है.”

दिग्गज गेंदबाज ने कहा कि लीग के जरिए युवा क्रिकेटरों को आर्थिक रूप से सुरक्षित होते देखना अच्छा लग रहा है. ज्यादातर ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है. सफलता के साथ उम्मीदें भी आती हैं. मुझे उम्मीद है कि वे इस पल का आनंद लेंगे, दबाव से मुक्त रहेंगे और अपने क्रिकेट पर फोकस करते रहेंगे.

कुमार ने कहा, “लीग युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा का एक बड़ा जरिया बन गई हैं. पहले, मौके कम थे, लेकिन अब सैकड़ों खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है. हमने पहले ही खिलाड़ियों को यूपीटी20 लीग से सीधे आईपीएल में जाते देखा है. यही अपने आप में हर युवा के लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है.”

लीग का चौथा संस्करण Lucknow और Kanpur में होगा. भुवनेश्वर ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे टूर्नामेंट को राज्य भर में ज्यादा फैन्स तक पहुंचने में मदद मिलेगी.

उन्होंने कहा, “लीग को दो शहरों में आयोजित करना एक बहुत अच्छा कदम है. उत्तर प्रदेश एक बहुत बड़ा राज्य है, और अलग-अलग जगहों पर मैच कराने से फैन्स को अपनी टीमों से जुड़ने में मदद मिलती है. इससे टूर्नामेंट की लोकप्रियता और बढ़ेगी.”

टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी और पहला फेज Lucknow के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा. इसके बाद दूसरा फेज Kanpur के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा. प्लेऑफ और फाइनल भी Kanpur में खेले जाएंगे.

पीएके

Leave a Comment