
ग्रेटर नोएडा, 23 अप्रैल . गौतम बुद्ध नगर में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेला सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. जिला सेवायोजन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर और हरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, ग्रेटर नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में 21 और 22 अप्रैल 2026 को यह रोजगार मेला इंस्टीट्यूट परिसर में आयोजित किया गया था.
इस रोजगार मेले में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना था. मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 63 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया.
जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले के लिए लगभग 2200 अभ्यर्थियों ने ‘रोजगार संगम’ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कराया था. इनमें से 363 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया, जो इस आयोजन की सफलता को दर्शाता है. मेले में स्नातक और स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का अवसर मिला.
प्रतिभागियों ने अलग-अलग कंपनियों के सामने इंटरव्यू देकर अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया. कई कंपनियों ने मौके पर ही योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें जॉब ऑफर भी दिए. इस आयोजन को अभ्यर्थियों और कंपनियों दोनों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली. युवाओं ने इसे अपने करियर के लिए एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म बताया, वहीं कंपनियों ने भी योग्य और प्रशिक्षित उम्मीदवार मिलने पर संतोष जताया.
जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला न केवल युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलने में सफल रहा, बल्कि क्षेत्र में बढ़ती बेरोजगारी की समस्या को कम करने की दिशा में भी एक सार्थक प्रयास साबित हुआ. अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे.
–
पीकेटी/एएस