
फर्रुखाबाद, 16 अप्रैल . उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशी के सफर को दर्द में बदल दिया. यह हादसा थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत फर्रुखाबाद–दिल्ली मार्ग पर ग्राम बरौन के पास हुआ, जहां एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए हैं.
जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला बजरिया निवासी प्रिंस अपने परिवार और एक मित्र के साथ Haryana के बल्लभगढ़ से फर्रुखाबाद आ रहे थे. उनके साथ उनकी मां आशा देवी (50 वर्ष) और उनके मित्र सौरभ (23 वर्ष), जो बल्लभगढ़ Haryana के रहने वाले हैं भी कार में सवार थे. सभी लोग एक पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए फर्रुखाबाद आ रहे थे.
रास्ते में जब उनकी कार ग्राम बरौन के पास पहुंची, तभी अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया. उसे बचाने के प्रयास में चालक ने गाड़ी मोड़ दी, लेकिन कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई.
इस हादसे में आशा देवी, उनके बेटे प्रिंस और प्रिंस के मित्र सौरभ को चोटें आईं. घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी गई. कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया लेकिन महिला आशा देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है. डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर करने की सलाह दी है. बाकी दोनों घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
घायल प्रिंस ने बताया कि वे सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए बल्लभगढ़ से फर्रुखाबाद आ रहे थे. जैसे ही वे ग्राम बरौन के पास पहुंचे, तभी अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में यह हादसा हो गया.
–
पीआईएम/पीएम