
New Delhi, 8 जून . देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है. तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है. ऐसे में लोग गर्मी से बचने और शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए प्राकृतिक पेय पदार्थों की ओर रुख कर रहे हैं. इनमें सबसे लोकप्रिय और फायदेमंद है आम पन्ना, जिसे गर्मियों का अमृत भी कहा जाता है.
नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के अनुसार, कच्चे आम से बनने वाला यह पारंपरिक पेय गर्मी में शरीर को तरोताजा रखने का सबसे देसी और असरदार तरीका है. यह न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है. खट्टा-मीठा स्वाद वाला यह ड्रिंक गर्मी में शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है और ऊर्जा का संतुलन बनाए रखता है. भीषण गर्मी में आम पन्ना के सेवन से शरीर को कई फायदे मिलते हैं.
शरीर हाइड्रेट रखता है: गर्मी में पसीना ज्यादा आने से शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है. आम पन्ना प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है, जो पानी का स्तर बनाए रखता है.
पाचन सुधारता है: गर्मी में पेट की समस्याएं आम हैं. आम पन्ना पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है और भूख बढ़ाने में मदद करता है.
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है:- इसमें विटामिन सी, विटामिन ए और अन्य जरूरी पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो इम्युनिटी को मजबूत करते हैं.
गर्मी से राहत:- यह शरीर के अंदरूनी तापमान को नियंत्रित करने में सहायक है और गर्मी लगने, चक्कर आने या थकान महसूस होने पर तुरंत राहत देता है.
आम पन्ना बनाना भी बहुत आसान है. कच्चे आमों को उबालकर, गूदा निकालकर, पुदीना, काला नमक, जीरा और चीनी या गुड़ मिलाकर तैयार किया जाता है. इसे फ्रिज में रखकर लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बाजार के कोल्ड ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस की बजाय घर का बना आम पन्ना न सिर्फ सुरक्षित है बल्कि पोषण से भी भरपूर है. इसमें कोई केमिकल या प्रिजर्वेटिव नहीं होता.
भीषण गर्मी में, सुबह हो या शाम, किसी भी समय आम पन्ना पीने से ताजगी बनी रहती है और लू का खतरा भी नहीं रहता. बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक सभी के लिए यह फायदेमंद है.
–
एमटी/डीकेपी