टी20 वर्ल्ड कप: श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड का पलड़ा भारी, पल्लेकेले में बारिश बिगाड़ेगी खेल?

New Delhi, 21 फरवरी . टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 राउंड में श्रीलंका की भिड़ंत Sunday को इंग्लैंड के साथ होगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा.

श्रीलंका का प्रदर्शन ग्रुप स्टेज में शानदार रहा. हालांकि, शुरुआती तीन मुकाबले जीतने के बाद श्रीलंका को जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़े उलटफेर का शिकार होना पड़ा था. बल्लेबाजी में पथुम निसांका का प्रदर्शन कमाल का रहा है.

निसांका अब तक खेले 4 मैचों में 156 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 199 रन बना चुके हैं. निसांका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शतकीय पारी भी खेली थी. कुशल मेंडिस का बल्ला भी इस टूर्नामेंट में अब तक खूब चला है. मेंडिस 4 मैचों में 124 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 182 रन बना चुके हैं.

दूसरी ओर, इंग्लैंड ग्रुप स्टेज में काफी संघर्ष करती हुई नजर आई थी. टीम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन टूर्नामेंट में अब तक कुछ खास नहीं रहा है. जोस बटलर 4 मैचों में सिर्फ 53 रन ही बना सके हैं. वहीं, हैरी ब्रूक इस विश्व कप में रनों के लिए जूझते दिखाई दिए हैं. ब्रूक 4 मैचों में 22 की औसत से खेलते हुए सिर्फ 88 रन ही बना सके हैं.

टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 16 मैच खेले गए हैं. इंग्लैंड ने 12 मैचों में जीत दर्ज की है. वहीं, श्रीलंका ने 4 मैच जीते हैं. यानी श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड का पलड़ा भारी रहा है.

पल्लेकेले स्टेडियम की पिच से स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है. आमतौर पर इस ग्राउंड की पिच थोड़ा धीमा खेलती है. बॉल फंसकर बल्ले पर आती है और यहां ज्यादा बड़े स्कोर देखने को नहीं मिलते हैं. पल्लेकेले में पहली पारी का औसतन स्कोर 166 रन रहा है. वहीं, दूसरी इनिंग का एवरेज स्कोर 145 रन है.

इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच आगामी मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है. पल्लेकेले में Sunday को बारिश होने की आशंका काफी ज्यादा है.

श्रीलंका की टीम: दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुशल मेंडिस, कामिंडु मेंडिस, कुशल जेनिथ परेरा, चरिथ असलांका, जेनिथ लियानगे, पवन रत्नायके, दुशान हेमंथा, डुनिथ वेलालेज, महीश तीक्षणा, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा.

इंग्लैंड की टीम: हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, आदिल रशीद, फिल सॉल्ट, जोश टंग, ल्यूक वुड.

शुभम/आरएसजी

Leave a Comment