सालों बाद साथ दिखे सुभाष घई और उनकी ‘शिष्या’ मीनाक्षी शेषाद्री, ‘इंडियन आइडल’ में पहुंचे

Mumbai , 11 फरवरी . अपनी बेहतरीन कहानी कहने की शैली और खास दृष्टिकोण के लिए पहचान रखने वाले सुभाष घई दर्शकों के बीच एक खास स्थान रखते हैं. हाल ही में उन्होंने Actress मीनाक्षी शेषाद्री और राकेश बख्शी के साथ लोकप्रिय रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ में हिस्सा लिया. इस विशेष एपिसोड की थीम ‘गुरु-शिष्य’ पर आधारित थी.

निर्देशक ने शो की कुछ झलकियां इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर कीं, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “Tuesday को इंडियन आइडल के शूट में हिस्सा लेना सच में बहुत मजेदार रहा. शो में थीम थी ‘गुरु-शिष्य’. मेरे साथ मेरी प्रिय शिष्य मीनाक्षी शेषाद्री और मेरे सहायक राकेश बख्शी भी मौजूद थे.”

सुभाष ने आगे बताया कि इस एपिसोड में महान गीतकार आनंद बख्शी को श्रद्धांजलि भी दी गई थी. उन्होंने लिखा, “प्रतियोगियों ने मेरी फिल्मों के गाने गाए. शो में मशहूर जज श्रेया घोषाल और बादशाह भी शामिल हुए. मनोरंजन चाहिए? तो थोड़ा इंतजार कीजिए, शो देखिए और हर पल का आनंद लीजिए.”

बता दें कि मशहूर गीतकार आनंद बख्शी ने सुभाष घई की कई सदाबहार फिल्मों में गीत लिखे, जिनमें कर्ज (1980), हीरो (1983), कर्मा (1986), राम लखन (1989), सौदागर (1991), खलनायक (1993), और ताल (1999) शामिल हैं. उन्होंने घई के साथ ‘गौतम गोविंदा’, ‘क्रोधी’, ‘मेरी जंग’, और ‘प्रेम दीवाने’ में भी काम किया. इन गानों के बोल आज भी लोगों के दिलों में बसते हैं.

घई हिंदी सिनेमा के जाने-माने निर्देशक हैं. मनोरंजन जगत में उनका योगदान शानदार है. उन्होंने अपनी फिल्मों के द्वारा मनोरंजन देने के साथ-साथ कई नए कलाकारों को मौका भी दिया है. उन्होंने फिल्म निर्देशन के बाद फिल्म निर्माण और अपने संस्थान, व्हिसलिंग वुड्स इंटरनेशनल, पर ध्यान केंद्रित किया. अपने स्कूल के माध्यम से उन्होंने कई प्रतिभाओं को निखारा है.

कुछ समय पहले ही उनके स्कूल के बच्चों ने ‘रॉकेटशिप’ नाम की एक शॉर्ट फिल्म बनाई है. फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया, लेकिन अभी तक इसकी रिलीज की कोई घोषणा नहीं हुई.

एनएस/एएस

Leave a Comment