
मालदा, 21 अप्रैल . रेलवे में बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वालों पर रोक लगाने के लिए मालदा मंडल में सख्त अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में बरहरवा रेलवे स्टेशन पर एक विशेष मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया.
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के निर्देश पर चलाया गया. इसकी निगरानी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह ने की. अभियान के दौरान रेलवे न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार भी मौजूद रहे, जिससे कार्रवाई और अधिक प्रभावी हो सकी. इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षकों, टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने मिलकर काम किया.
अभियान के दौरान कुल 102 मामलों का पता चला, जिनमें बिना टिकट यात्रा करना, बिना बुक किए सामान ले जाना और स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाना जैसी अनियमितताएं शामिल थीं. इन मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने कुल 44,750 रुपए का जुर्माना वसूला.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना और रेलवे के राजस्व की सुरक्षा करना है. साथ ही, इससे यह भी सुनिश्चित किया जाता है कि सभी यात्री नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा करें.
मालदा मंडल ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे सघन चेकिंग अभियान जारी रहेंगे, ताकि बिना टिकट यात्रा और अन्य अनियमितताओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके. रेलवे प्रशासन का मानना है कि सख्ती के साथ-साथ जागरूकता भी जरूरी है, जिससे यात्री खुद नियमों का पालन करें.
वहीं, रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें. ऐसा करने से न केवल जुर्माने से बचा जा सकता है, बल्कि यात्रा भी अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनती है.
–
एमएस/