दिल्ली, हैदराबाद एवं बेंगलुरु में आईआईटी दिल्ली का विशेष ओपन हाउस

New Delhi, 4 जून . जेईई (एडवांस्ड) 2026 की परीक्षा का परिणाम घोषित किया जा चुका है. सफल हुए छात्रों अपनी पसंद व आवश्यकता के अनुरूप आईआईटी संस्थानों में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे हैं. इसी को देखते हुए आईआईटी दिल्ली ने इन छात्रों के लिए ‘ओपन हाउस’ करने का निर्णय लिया है. इससे छात्रों को आईआईटी दिल्ली को करीब से जानने समझने का अनूठा अवसर मिलने जा रहा है.

आईआईटी दिल्ली इसके लिए देश के तीन प्रमुख शहरों दिल्ली, हैदराबाद और Bengaluru में विशेष ‘ओपन हाउस’ करने जा रही है. इस पहल का उद्देश्य छात्रों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुसंधान गतिविधियों, छात्र जीवन, नवाचार संस्कृति और भविष्य के करियर अवसरों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी उपलब्ध कराना है.

इस कार्यक्रम के दौरान छात्र आईआईटी दिल्ली के वर्तमान विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और पूर्व छात्रों से सीधे संवाद कर सकेंगे. वे अपने मन में उठने वाले प्रश्न पूछ सकेंगे तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों, विभागों, शोध सुविधाओं और कैंपस जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे. इससे उन्हें अपनी उच्च शिक्षा और करियर से संबंधित निर्णय लेने में मदद मिलेगी. कार्यक्रम की शुरुआत 5 जून को ‘आईआईटी दिल्ली कॉलिंग’ नामक ऑनलाइन सत्र से होगी. यह प्री-डेमो डे शाम 6 बजे से आयोजित किया जाएगा.

इस सत्र में छात्रों को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, संस्थान की विशेषताओं तथा विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी दी जाएगी. 6 जून को सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर 2 बजे तक आईआईटी दिल्ली परिसर, हौज खास, New Delhi में एक विस्तृत इंटरैक्टिव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यह कार्यक्रम हाइब्रिड मोड में होगा, यानी छात्र व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के साथ-साथ ऑनलाइन भी इसमें शामिल हो सकेंगे.

इस दौरान संस्थान के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा विशेष संबोधन दिए जाएंगे तथा विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे. छात्र अपनी रुचि के अनुसार विभागों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर सकेंगे और पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. आईआईटी दिल्ली की टीम 6 जून को ही हैदराबाद में भी विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेगी. यह कार्यक्रम सुबह 9 बजकर 30 मिनट से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगा. इसमें आईआईटी दिल्ली के छात्र और प्राध्यापक भाग लेंगे तथा छात्रों के प्रश्नों का उत्तर देंगे.

यह सत्र हैदराबाद विश्वविद्यालय के सावित्रीबाई फुले डीएसटी ऑडिटोरियम, गाचीबौली में आयोजित किया जाएगा. दक्षिण India के छात्रों के लिए यह कार्यक्रम विशेष रूप से उपयोगी माना जा रहा है. ओपन हाउस श्रृंखला का अंतिम कार्यक्रम 7 जून 2026 को Bengaluru में आयोजित होगा. यह सत्र दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजकर 30 मिनट तक चलेगा. कार्यक्रम भारतीय विज्ञान संस्थान के सतीश धवन ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जहां आईआईटी दिल्ली के छात्र और प्राध्यापक उपस्थित रहेंगे. यहां भी छात्रों को संस्थान की शैक्षणिक और शोध गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी तथा उनके सवालों के जवाब दिए जाएंगे.

आईआईटी दिल्ली का मानना है कि जेईई (एडवांस्ड) में सफलता के बाद छात्रों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सही संस्थान और पाठ्यक्रम का चयन करना होता है. ऐसे में यह ओपन हाउस कार्यक्रम छात्रों को वास्तविक अनुभवों और प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से सही निर्णय लेने में मदद करेगा. संस्थान ने जेईई (एडवांस्ड) 2026 में सफल सभी छात्रों को बधाई देते हुए उन्हें इस विशेष पहल में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है. कार्यक्रम के लिए एक साझा पंजीकरण व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से छात्र अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी शहर के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पंजीकरण कर सकते हैं.

जीसीबी/डीकेपी

Leave a Comment