
New Delhi, 7 जून . आम आदमी पार्टी (आप) नेता के सोमनाथ भारती ने इंडिया गठबंधन से दूरी बनाए रखने को लेकर कहा कि एक तरफ गठबंधन किया जाता है और दूसरी तरफ भीतर ही भीतर उसे हराने की कोशिश की जाती है, जो सही नहीं है. ‘आप’ को यह बात पहले ही समझ आ गई थी, इसलिए अब आप इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है.
उन्होंने कहा कि Lok Sabha चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी गठबंधन का हिस्सा थी और मिलकर चुनाव लड़ा गया था. दिल्ली में तीन-चार सीटों का फार्मूला तय हुआ था. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के उम्मीदवारों के लिए खुलकर प्रचार किया, लेकिन दूसरी ओर राहुल गांधी या कांग्रेस के बड़े नेता तो छोड़िए, दिल्ली के स्थानीय नेता भी प्रचार के लिए नहीं आए.
सोमनाथ भारती ने कहा कि यदि गठबंधन धर्म निभाना होता तो इस तरह की स्थिति नहीं बनती. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रवैया ऐसा है कि वह चाहती है कि राजनीति केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच सीमित रह जाए और अन्य दल खत्म हो जाएं, ताकि भविष्य में दोनों के बीच बारी-बारी से सत्ता चलती रहे.
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह कांग्रेस ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ व्यवहार किया, उसी तरह पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के साथ भी किया.
इंडिया गठबंधन में मतभेद को लेकर उन्होंने कहा कि यह गठबंधन केवल Lok Sabha चुनाव के लिए था. उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में कांग्रेस का रवैया क्षेत्रीय दलों के प्रति अलग-अलग रहा है और कई जगहों पर उसने विरोधी दलों का अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन किया है.
उन्होंने कहा कि जहां भी कोई क्षेत्रीय पार्टी मजबूत होती है, वहां कांग्रेस उसे कमजोर करने की कोशिश करती है. दिल्ली में आम आदमी पार्टी और पश्चिम बंगाल में टीएमसी इसका उदाहरण है.
सोमनाथ भारती ने कहा कि कांग्रेस की इस तरह की नीतियों का अनुभव उनकी पार्टी ने खुद किया है, इसलिए उन्हें इसका अंदाजा है. उन्होंने अन्य क्षेत्रीय दलों को भी इस स्थिति को समझने की सलाह दी.
–
पीआईएम/डीकेपी