‘बालिका वधू’ की सुमित्रा बनीं स्मिता बंसल का छलका दर्द, बोलीं- ‘काम की वजह से मेरे और बेटी के बीच आ गई थीं दूरी’

Mumbai , 25 जून . टेलीविजन की दुनिया में Actress स्मिता बंसल ने ‘बालिका वधू’ शो में ‘सुमित्रा’ का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. हाल ही में उन्होंने एक टीवी टॉक शो ‘तुम हो ना- घर की सुपरस्टार’ में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद भावुक अनुभव साझा किया और बताया कि लगातार शूटिंग और काम की व्यस्तता के कारण उन्हें अपने घर और बच्चों के साथ समय नहीं मिल पाता था.

शो के दौरान बातचीत में स्मिता बंसल ने कहा, ”एक कलाकार होने के नाते मैं अपने काम को पूरी ईमानदारी से निभाती हूं लेकिन इसी बीच कई बार परिवार से दूर रहने का दर्द भी मुझे अंदर ही अंदर महसूस होता है. प्रोफेशनल कमिटमेंट्स के चलते कई बार मैं अपने निजी रिश्तों को उतना समय नहीं दे पाती, जितना एक मां के रूप में देना चाहिए.”

शो के दौरान स्मिता ने बताया, “एक बार जब मैं शूटिंग से घर लौटी, तो मैंने अपनी बेटी को खुद सुलाने का फैसला किया. उस समय मेरी बेटी ने मेरे साथ सोने से मना कर दिया और अपनी दादी के साथ सोने की इच्छा जताई. उस पल मुझे एहसास हुआ कि काम की वजह से मेरे और मेरी बेटी के बीच भावनात्मक रूप से थोड़ी दूरी आ गई है. यह मेरे लिए बहुत बड़ा दर्द था.”

स्मिता बंसल ने आगे बताया, ”लोग मुझे टीवी पर अलग-अलग किरदारों के लिए जानते थे. कभी कोई मुझे ‘आनंदी की मां’ कहता था, तो कभी ‘जग्या की मां’. हालांकि असल जिंदगी में मैं अपनी ही बेटी के साथ उतना समय नहीं बिता पा रही थी, जितना मैं चाहती थी. एक मां के रूप में यह मेरे लिए सबसे बड़ी कमी और सबसे बड़ा पछतावा रहा है, जिसे चाहकर भी मैं पूरी तरह बदल नहीं सकती.”

बातचीत के दौरान स्मिता ने अपने अभिनय करियर को लेकर कहा, ”मैंने अपने करियर में कई ऐसे किरदार निभाए हैं जो मजबूत महिलाओं की कहानियों को दिखाते हैं. ये वे महिलाएं थीं, जो बिना ज्यादा बोले भी अपने जीवन में कई कठिनाइयों का सामना करती हैं और मजबूती से आगे बढ़ती हैं. इन किरदारों ने मुझे यह समझने में मदद की कि असली ताकत हमेशा बड़े-बड़े शब्दों या दिखावे में नहीं होती, बल्कि कई बार यह रोजमर्रा की जिंदगी के छोटे-छोटे त्याग और धैर्य में छिपी होती है.”

उन्होंने कहा, ”समय के साथ मैं इन किरदारों से खुद को जोड़ने लगी हूं, क्योंकि वास्तविक जीवन में भी महिलाएं कई बार बिना शिकायत किए अपने परिवार और जिम्मेदारियों के लिए बहुत कुछ सहती हैं.”

अगर उनके निजी जीवन की बात करें तो स्मिता बंसल ने साल 2002 में निर्देशक और Actor अंकुश मोहला से शादी की थी. उनकी दो बेटियां हैं, जिनका नाम स्टाशा बंसल और अनघा बंसल हैं.

पीके/पीएम

Leave a Comment