केरल के मासूम की मौत पर गायिका केएस चित्रा ने व्यक्त किया दुख, बताया परेशान करने वाली घटना

चेन्नई, 3 जून . देश की प्रसिद्ध गायिका केएस चित्रा ने केरल के पनावूर में डेढ़ साल के मासूम अर्शिद की मौत पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि ऐसी क्रूर घटनाएं दोबारा कभी नहीं होनी चाहिए. अर्शिद की मौत पिटाई के बाद हुई इंटरनल ब्लीडिंग की वजह से हुई. उसके शरीर पर चोटों के 51 निशान पाए गए थे.

केएस चित्रा ने social media प्लेटफॉर्म एक्स अकाउंट पर लिखा, “सिर्फ डेढ़ साल के अर्शिद की मौत की खबर दिल तोड़ देने वाली है. यह मन को झकझोर देती है और डर पैदा करती है. ईश्वर करे कि ऐसी अमानवीय घटनाएं फिर कभी न हों. समाज को खुद को बेहतर बनाना होगा. मैं सिर्फ प्रार्थना कर सकती हूं.”

दरअसल अर्शिद को अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था. बच्चे के सौतेले पिता अशकर ने दावा किया था कि खाना खाते समय उसके गले में कुछ फंस गया था, जिससे वह बेहोश हो गया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्चे को कई दिनों तक बुरी तरह प्रताड़ित और पीटा गया था. लगातार पिटाई के कारण उसके शरीर के अंदर खून बहने लगा, जिससे उसकी मौत हुई.

रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे के शरीर पर सिगरेट से जलाए जाने के भी निशान पाए गए हैं. इतना ही नहीं, बच्चे के हाथ में चोट लगी थी. बताया जा रहा है कि मारपीट की वजह से उसके हाथ में फैक्चर हुआ था.

Police ने बच्चे की मां अखिला और सौतेले पिता अशकर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

Police के अनुसार, अशकर ने पूछताछ में कबूल किया कि वह पिछले तीन महीनों से अर्शिद को मारने की योजना बना रहा था. उसका मानना था कि बच्चा उसकी और अखिला के रिश्ते में बाधा बन रहा है.

बच्चे की मां अखिला ने स्वीकार किया कि उसने अशकर को अपने बेटे को पीटते हुए देखा था, लेकिन उसे बचाने की कोशिश नहीं की. बताया जा रहा है कि अर्शिद के जैविक पिता ने अखिला के गर्भवती होने के दौरान ही आत्महत्या कर ली थी. इस घटना ने पूरे केरल को झकझोर दिया है और लोगों में भारी गुस्सा है.

एएमटी/वीसी

Leave a Comment