‘रूप तेरा मस्ताना’ पहले था लोकगीत जैसा, किशोर कुमार ने बदल दिया पूरा अंदाज’, जावेद जाफरी ने सुनाया दिलचस्प किस्सा

Mumbai , 19 अगस्त . हिंदी सिनेमा में कुछ गाने ऐसे होते हैं, जिन्हें सुनते ही किसी पुराने दौर की तस्वीर आंखों के सामने आ जाती है. ‘रूप तेरा मस्ताना’ भी ऐसा ही एक गाना है. फिल्म ‘आराधना’ का यह गाना आज भी लोगों की फेवरेट लिस्ट में शामिल है. इस गाने को राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर पर फिल्माया गया था.

लेकिन इस मशहूर गाने के पीछे की कहानी शायद बहुत कम लोग जानते हैं. Actor और डांसर जावेद जाफरी ने अब इससे जुड़ा एक ऐसा किस्सा बताया है, जिसमें गाने के बनने से लेकर इसकी शूटिंग तक कई दिलचस्प बातें सामने आई हैं.

डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ के आने वाले एपिसोड में जावेद जाफरी इस गाने से जुड़ी याद साझा करते नजर आएंगे. उन्होंने बताया कि जिस रूप में लोगों ने यह गाना सुना, शुरुआत में यह वैसा बिल्कुल नहीं था. गाने को पहले लोकगीत की तरह तैयार किया गया था, लेकिन बाद में किशोर कुमार ने इसके अंदाज में बड़ा बदलाव किया.

उन्होंने कहा, ”संगीतकार एस.डी. बर्मन ने ‘रूप तेरा मस्ताना’ को शुरुआत में लोकगीत की शैली में बनाया था. गाने का शुरुआती अंदाज आज सुनाई देने वाले अंतिम रूप से काफी अलग था. बाद में किशोर कुमार को लगा कि गाने को थोड़ा नया और आज के समय के हिसाब से आधुनिक बनाया जा सकता है. इसके बाद उन्होंने एस.डी. बर्मन के साथ मिलकर गाने के अंदाज में बदलाव किया.”

जावेद जाफरी ने कहा, ”लोगों ने बाद में जिस ‘रूप तेरा मस्ताना’ को सुना, वह इसी बदलाव के बाद तैयार हुआ फाइनल टेक था. किशोर कुमार की आवाज में गजब का जादू थी. वह अलग-अलग तरह के गानों को अपने अंदाज में ढाल लेते थे. यही वजह थी कि इस गाने का नया और आधुनिक रूप लोगों के दिलों तक पहुंचा.”

जावेद जाफरी ने आगे बताया कि उस समय शर्मिला टैगोर काफी बिजी थीं और उनके पास शूटिंग के लिए ज्यादा समय नहीं था. ऐसे में उन्होंने इस गाने को महज एक दिन में पूरा शूट किया.

जावेद ने कहा, ”इतने कम समय में शूटिंग करना आसान नहीं था. गाने की रिकॉर्डिंग से लेकर शूटिंग तक कई चीजें आखिरी समय में बदली गईं. इसके बावजूद पूरी टीम ने कम समय में काम पूरा किया और नतीजा ऐसा निकला, जिसे आज भी लोग याद करते हैं. कई बार काम के दौरान बहुत दबाव होता है, लेकिन उसी दबाव में कलाकार कुछ ऐसा कर जाते हैं, जो उम्मीद से भी बेहतर निकलता है.”

‘रूप तेरा मस्ताना’ फिल्म ‘आराधना’ का हिस्सा था, और इस फिल्म ने राजेश खन्ना और शर्मिला टैगोर की जोड़ी को दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई. गाने में दोनों की केमिस्ट्री भी खूब पसंद की गई.

पीके/एएस

Leave a Comment