इंडियन एयर फोर्स स्टेशन हाकिमपेट में प्रशिक्षण और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा

New Delhi, 26 अप्रैल . भारतीय वायुसेना के हाकिमपेट एयरफोर्स स्टेशन में प्रशिक्षण और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की गई है. गौरतलब है कि यहां फाइटर ट्रेनिंग विंग व हेलीकॉप्टर ट्रेनिंग स्कूल के जरिए से लड़ाकू पायलटों को प्रशिक्षण दिया जाता है. यहां एयरफोर्स की फ्लाइंग ट्रेनिंग और प्रशासनिक गतिविधियों की व्यापक समीक्षा की गई. यह आकलन किया गया कि एयरफोर्स स्टेशन किस प्रकार उच्च स्तर के प्रशिक्षण और ऑपरेशनल तैयारी को बनाए रख रहा है.

इस समीक्षा में ट्रेनिंग की क्वालिटी, तकनीकी दक्षता और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर फोकस किया गया. स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस मौके पर एयरफोर्स के विमान में उड़ान भरी. यह स्टेशन प्रशिक्षण कमान के अंतर्गत आता है. दरअसल भारतीय वायुसेना के प्रशिक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, एयर मार्शल एस श्रीनिवास ने 24 से 25 अप्रैल के दौरान एयर फोर्स स्टेशन हाकिमपेट का दौरा किया. स्टेशन पहुंचने पर एयर मार्शल का एयर ऑफिसर कमांडिंग द्वारा स्वागत किया गया और उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया.

समीक्षा के दौरान एयर मार्शल ने एयर फोर्स स्टेशन पर चल रही उड़ान प्रशिक्षण, रखरखाव और प्रशासनिक गतिविधियों की व्यापक समीक्षा की. उन्होंने विभिन्न प्रमुख सुविधाओं का निरीक्षण किया और उच्च-स्तरीय प्रशिक्षण और ऑपरेशनल तैयारी का अवलोकन किया. इस समीक्षा में प्रशिक्षण की गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया.

एयर मार्शल एस श्रीनिवास ने यहां एयरफोर्स स्टेशन में वायुसेना के किरण विमान में एक उड़ान भी भरी. इस उड़ान में उन्होंने प्रशिक्षण प्रणाली और पायलटों की दक्षता का प्रत्यक्ष अनुभव लिया. उन्होंने क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर्स, प्रशिक्षुओं और स्टेशन के अन्य कर्मियों के साथ बातचीत की और उनके अनुभवों को जाना.

स्टेशन के कर्मियों को संबोधित करते हुए एयर मार्शल ने कहा कि हाकिमपेट जैसे प्रशिक्षण केंद्र भविष्य के लिए तैयार, पेशेवर और युद्ध के लिए सक्षम पायलट तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि बदलते ऑपरेशनल माहौल में पायलटों का उच्च स्तर का प्रशिक्षण और मानसिक तैयारी बेहद जरूरी है.

उन्होंने स्टेशन के कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि वे पुराने और विरासत में मिले विमानों के बेड़े को बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं. साथ ही उन्होंने सुरक्षा मानकों और प्रशिक्षण की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया. एयर मार्शल के इस दौरे ने एयर फोर्स स्टेशन हाकिमपेट की भूमिका को एक प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र के रूप में और मजबूत किया. यह केंद्र भारतीय वायुसेना के भविष्य के पायलटों को तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है. इस यात्रा में इस दौरान एस श्रीनिवास के साथ वायुसेना परिवार कल्याण संघ (क्षेत्रीय) की अध्यक्ष सुनीता श्रीनिवास भी मौजूद रहीं.

जीसीबी/एसके

Leave a Comment