पुरुषोत्तम मास विशेष: दक्षिण भारतीय और ओडिशा शैली में निर्मित नारायण का भव्य मंदिर, दर्शन मात्र से दूर होते हैं कष्ट

जगदलपुर, 24 मई . पुरुषोत्तम मास को भगवान विष्णु की आराधना का सबसे पवित्र और खास समय माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इस महीने में भगवान विष्णु की पूजा और दर्शन करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन के कष्ट दूर होते हैं. ऐसे में आपको छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित नारायण के भव्य मंदिर के बारे में बताते हैं, जो दक्षिण भारतीय और Odisha शैली में निर्मित है.

श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर अपनी सुंदर वास्तुकला, शांत वातावरण और धार्मिक महत्व के कारण दूर-दूर से आने वाले भक्तों को आकर्षित करता है. जगदलपुर के मोतीतालाब पारा में स्थित यह मंदिर भगवान वेंकटेश्वर स्वामी को समर्पित है, जिन्हें भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है. मंदिर का निर्माण आंध्र एसोसिएशन के सदस्यों के प्रयासों से किया गया है. इसका उद्देश्य केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जीवन को मजबूत करना भी है.

मंदिर में प्रवेश करते ही भक्तों को एक अलग तरह की शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है. विशाल प्रार्थना हॉल में श्रद्धालु भगवान के सामने बैठकर पूजा करते हैं और अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं. पुरुषोत्तम मास के दौरान यहां भक्तों की संख्या और भी बढ़ जाती है. लोगों का विश्वास है कि भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन मात्र से जीवन की परेशानियां कम होती हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है. इस मंदिर की सबसे बड़ी खासियत इसकी अनोखी वास्तुकला है. मंदिर का विशाल गोपुरम, यानी मुख्य द्वार, बेहद आकर्षक दिखाई देता है. इस पर देवी-देवताओं की सुंदर आकृतियां और बारीक नक्काशी की गई है.

दक्षिण भारतीय मंदिर शैली और Odisha की पारंपरिक स्थापत्य कला का ऐसा सुंदर मेल बहुत कम जगहों पर देखने को मिलता है. यही कारण है कि यह मंदिर धार्मिक स्थल होने के साथ-साथ वास्तुकला प्रेमियों के लिए भी खास है. मंदिर परिसर में नियमित रूप से आरती, भजन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. त्योहारों के समय यहां का वातावरण और भी भव्य हो जाता है. खासकर ब्रह्मोत्सव और वैकुंठ एकादशी, अनंत चतुर्दशी जैसे अवसरों पर मंदिर को रंग-बिरंगी लाइट्स और फूलों से सजाया जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन आयोजनों में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं.

मंदिर के आसपास का वातावरण भी बेहद मनमोहक है. यहां बने सुंदर बगीचे और फव्वारे लोगों को सुकून का एहसास कराते हैं. श्रद्धालु पूजा के बाद मंदिर परिसर में समय बिताते हैं और आध्यात्मिक शांति का अनुभव करते हैं.

जगदलपुर का यह मंदिर केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जाता है. मंदिर के आसपास स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुएं भी लोगों को आकर्षित करती हैं. यहां लकड़ी की नक्काशी, धातु कला और हाथ से बने वस्त्र आसानी से मिल जाते हैं.

इसके अलावा, स्थानीय बाजारों में काली मिर्च, दालचीनी और लौंग जैसे मसालों की खुशबू भी लोगों को अपनी ओर खींचती है. आदिवासी आभूषण और पारंपरिक कलाकृतियां इस क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति की झलक दिखाती हैं.

एमटी/डीकेपी

Leave a Comment