
ग्रेटर नोएडा, 22 अप्रैल . नोएडा के जेवर स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जल्द ही हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं. एयरपोर्ट संचालन को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं.
Tuesday को यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें अगले महीने से घरेलू और कार्गो उड़ानों की शुरुआत प्रमुख रही. बैठक में एयरलाइंस कंपनियों की ओर से शुरुआती चरण में देश के 17 शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना पर चर्चा की गई.
अधिकारियों के अनुसार, मई महीने के अंत तक एयरपोर्ट से नियमित घरेलू उड़ानें और कार्गो सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए टिकट बुकिंग, ग्राउंड हैंडलिंग और अन्य जरूरी सेवाओं को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है. हालांकि, एयरपोर्ट संचालन शुरू होने से पहले ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम की मंजूरी मिलना अभी बाकी है. यह मंजूरी मिलते ही एयरपोर्ट संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा.
इसके अलावा विदेशी सीईओ से जुड़े कुछ प्रशासनिक मुद्दों को भी सुलझाने का प्रयास जारी है, ताकि संचालन में कोई बाधा न आए. एयरपोर्ट के भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखते हुए भी बड़े स्तर पर योजना बनाई गई है. अगले दो वर्षों में विमानों की पार्किंग के लिए 25 नए स्टैंड विकसित किए जाएंगे, जिस पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इससे एयरपोर्ट की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और अधिक उड़ानों का संचालन संभव हो सकेगा.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी. यह एयरपोर्ट देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में उभरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है.
–
पीकेटी/डीएससी