पटना: लालू यादव के 79वें जन्मदिन पर ढोल-नगाड़े के साथ आवास पर पहुंचे कार्यकर्ता, काटा गया केक

Patna, 11 जून . 11 जून को राजद के मुखिया और बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन है. उन्हें देश के तमाम नेताओं और पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरफ से बधाइयां मिल रही हैं. आधी रात से ही राजद के कार्यकर्ता उनके आवास के बाहर एकत्रित हो गए और केक काटकर लालू यादव का जन्मदिन मनाया.

लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन को मनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में राबड़ी आवास के बाहर इकट्ठा हुए. कार्यकर्ता गुलाब लेकर पहुंचे, केक काटा और बैंड-बाजे के साथ जश्न मनाया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें ‘गरीबों का मसीहा’ बताया.

एक कार्यकर्ता ने कहा कि हम सभी के अभिभावक लालू प्रसाद यादव का जन्मदिन मनाने के लिए हम भी एकत्रित हुए हैं. उन्होंने गरीबों को आवाज, हक और अधिकार दिया है. एक अन्य ने कहा कि राजद परिवार के लिए आज खुशी का दिन है. लालू गरीबों और किसानों की आवाज बने. हमारी भी उम्र उन्हें लग जाए ताकि वे अपनी बाकी लड़ाई भी लड़ सकें.

राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और राजद विधायक भाई वीरेंद्र भी राबड़ी आवास पहुंचे. इस दौरान मंगनी लाल मंडल ने कहा कि जन्मदिन पर लालू प्रसाद यादव को शुभकामनाएं. वे दीर्घायु हों और सामाजिक लड़ाई में हमारा नेतृत्व करते रहें.

भाई वीरेंद्र ने कहा कि गरीबों की आवाज लालू प्रसाद यादव का आज जन्मदिन मनाया जा रहा है. बिहार में ही नहीं, बल्कि देश में उनका जन्मदिन मनाया जा रहा है. हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं.

जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, “उन्हें जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई. लालू यादव लंबी उम्र जिएं और लोगों की सेवा के लिए अपनी पार्टी को सही दिशा में आगे बढ़ाते रहें. यही हम सबकी कामना है.”

वहीं तेज प्रताप यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन के मौके पर social media पर भावुक पोस्ट लिखकर बधाई दी है. उन्होंने लिखा कि मैं स्वयं को बेहद सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे आपका पुत्र होने का अवसर मिला. आपने मुझे सिर्फ जन्म ही नहीं दिया, बल्कि जीवन जीने का सही तरीका भी सिखाया. आप सिर्फ हमारे पिता नहीं हैं, बल्कि एक महान नेता, एक महान इंसान और एक प्रेरणा हैं.

उन्होंने आगे लिखा कि अगर मेरी उम्र भी आपको लग जाए तो उससे बड़ी खुशी मेरे लिए कोई नहीं होगी, क्योंकि आपका स्वस्थ और मुस्कुराता हुआ चेहरा ही हमारी सबसे बड़ी ताकत और खुशी है.

एएमटी/एएस

Leave a Comment