
अमरावती, 1 जून . सैनिक स्कूल, कालीकिरी ने शैक्षणिक कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए पूरी तरह से अस्थायी आधार पर (179 दिनों से अधिक नहीं) टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) और पीजीटी (स्नातकोत्तर शिक्षक) के कुल 5 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं.
सैनिक स्कूल की ओर से जारी 5 रिक्तियों में पीजीटी (अंग्रेजी), पीजीटी (गणित), टीजीटी (विज्ञान), टीजीटी (गणित) और टीजीटी (अंग्रेजी) के 1-1 पद शामिल हैं. इन सभी पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 17 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 2 जून तय की गई है. ऐसे में जो योग्य उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तुरंत अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है.
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास एनसीटीई से मान्यता प्राप्त संस्थान से बीएड, मास्टर डिग्री, एकीकृत पोस्ट-ग्रेजुएशन पाठ्यक्रम, जिसमें बीएड में कम से कम 50 प्रतिशत अंक हों, तीन-वर्षीय एकीकृत बीएड, एमएड, बीएड सहित चार-वर्षीय एकीकृत डिग्री, सीटीईटी पेपर-II में उत्तीर्ण, आदि होना चाहिए.
आवेदकों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 35 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तारीख के हिसाब से की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, कक्षा में प्रदर्शन और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 58,819 से 62,356 रुपए के बीच प्रति माह होगी.
वॉक-इन इंटरव्यू पीजीटी पद के लिए 3 जून को और टीजीटी पोस्ट के लिए 4 जून को सुबह 8 बजे से सैनिक स्कूल, कालीकिरी पते पर आयोजित किए जाएंगे. ऐसे में जो उम्मीदवार साक्षात्कार में शामिल होने वाले हैं, उन्हें निर्धारित समय तक केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी जाती है, क्योंकि उसके बाद उम्मीदवारों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले सैनिक स्कूल, कालीकिरी के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं. होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें. फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें. सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें. इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘सैनिक स्कूल, कालीकिरी’ पते पर फटाफट डाक कर दें.
–
डीके/डीकेपी