मुंबई : भारी बारिश के बीच रेलवे की लोकल सेवाएं रहीं सही, सीपीआरओ ने बताया- तैयारी से बेहतर परिणाम मिला

Mumbai , 4 जुलाई (आईएएनस). देश की आर्थिक राजधानी Mumbai में Saturday को हुई मूसलाधार बारिश के बावजूद पश्चिम रेलवे की उपनगरीय (सबअर्बन) और लंबी दूरी की ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) विनीत अभिषेक ने बताया कि मानसून से पहले की गई व्यापक तैयारियों और विभिन्न स्थानों पर तैनात समर्पित कर्मचारियों की वजह से ट्रेन परिचालन पर बारिश का कोई बड़ा असर नहीं पड़ा.

विनीत अभिषेक ने से बातचीत में बताया कि सुबह से लगातार हो रही भारी बारिश के दौरान पश्चिम रेलवे के कई इलाकों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई. बोरीवली से विरार के बीच लगभग 200 से 250 मिमी तक बारिश हुई, जबकि अन्य क्षेत्रों में 150 से 200 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके बावजूद पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनें बिना किसी रुकावट के लगातार चलती रहीं. यह संभव इसलिए हो सका क्योंकि रेलवे ने पूरे वर्ष मानसून की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया था. इसके तहत माइक्रो टनलिंग, नए ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण, ड्रेनों की नियमित सफाई और कीचड़ हटाने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य पहले ही पूरे कर लिए गए थे.

सीपीआरओ ने बताया कि भारी बारिश के दौरान रेलवे ने संवेदनशील और जलभराव की आशंका वाले सभी स्थानों पर विशेष स्टाफ की तैनाती की थी. इसमें स्टेशन स्टाफ, इंजीनियरिंग विभाग, सिग्नलिंग विभाग और ट्रैक मेंटेनेंस से जुड़े कर्मचारी लगातार मौके पर मौजूद रहे. महत्वपूर्ण पुलों, ट्रैक और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी की गई ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत निर्णय लेकर ट्रेन परिचालन को प्रभावित होने से बचाया जा सके.

यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के संबंध में विनीत अभिषेक ने बताया कि भारी बारिश के दौरान स्टेशनों पर अतिरिक्त भीड़ होने की संभावना रहती है. इसे देखते हुए विभिन्न विभागों के इमरजेंसी स्टाफ को प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर तैनात किया गया था. यदि ट्रेनों के संचालन में किसी प्रकार का बदलाव होता है तो ऐसे कर्मचारी यात्रियों को जानकारी देने, भीड़ नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने का काम करते हैं.

विनीत अभिषेक ने बताया कि Saturday को कुछ स्थानों पर मामूली जलभराव की स्थिति जरूर बनी थी, लेकिन मानसून से पहले किए गए माइक्रो टनलिंग कार्य और विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हाई कैपेसिटी पंपों की मदद से पानी की निकासी तेजी से की गई. कई स्थानों पर पुलों के नीचे पानी का स्तर बढ़ गया था, लेकिन इसके बावजूद कहीं भी जलभराव के कारण ट्रेन परिचालन बाधित नहीं हुआ और सभी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं.

रेलवे के अनुसार, शहर में भारी बारिश के कारण जहां सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा, वहीं रेलवे की पूर्व तैयारियों, सतर्क निगरानी और कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई के चलते उपनगरीय और लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन बिना किसी बड़े व्यवधान के जारी रहा. रेलवे प्रशासन ने कहा कि मानसून के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और निर्बाध रेल सेवा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

पीएसके/एबीएम

Leave a Comment