मालवीय नगर अग्निकांड: 21 लोगों की मौत, मेयर ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए

New Delhi, 3 जून . दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर दिल्ली मेयर प्रवेश वाही ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने निगमायुक्त को पत्र लिखकर पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने और तीन दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं.

मेयर ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि जांच के दौरान किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है या किसी भी तरह की प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है, तो दोषी पाए जाने वाले संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह हादसा उस समय हुआ जब रेस्टोरेंट में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे. इस घटना में कुल 47 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया. इनमें से 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल बताए जा रहे हैं. इसके अलावा नौ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.

अस्पतालों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एम्स ट्रॉमा सेंटर में छह लोगों को लाया गया था. इनमें से तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, दो लोग घायल पाए गए और एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है. पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल में तीन लोगों को भर्ती कराया गया, जिनमें से दो घायल थे और एक मरीज को बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया.

वहीं, मैक्स अस्पताल में कुल 38 लोगों को लाया गया, जिनमें 18 लोगों को मृत घोषित किया गया, 13 लोग घायल पाए गए और सात की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर रूप से घायल एक मरीज को आगे के इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा गया है.

फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं. शुरुआती स्तर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किस वजह से लगी, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी भी एक बड़ा कारण हो सकती है. प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

एसएचके/एबीएम

Leave a Comment